

मार्को रुबियो ने ट्रंप प्रशासन छोड़ने की खबरों को महज अफवाह बताया
रुबियो ने कहा कि वह ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने तक उनके साथ काम करना चाहते हैं
2028 में जेडी वेंस के राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर रुबियो ने समर्थन देने की बात कही
Marco Rubio Resignation: अमेरिका में हाल ही में मध्यावधि चुनाव संपन्न हुए। इन चुनावों में डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में अपना बहुमत खो दिया है। इसके साथ ही ट्रंप प्रशासन से जुड़े बड़े अधिकारियों और नेताओं के इस्तीफा देने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी बीच खबर आई कि अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो भी ट्रंप का साथ छोड़ सकते हैं।
मार्को रुबियो के ट्रंप प्रशासन छोड़ने की खबर ऐसे समय में आई, जब ट्रंप की करीबी और अमेरिकी न्याय विभाग के नागरिक अधिकार प्रभाग की प्रमुख हरमीत ढिल्लों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में रुबियो के इस्तीफे की खबर से अमेरिकी सियासत में हलचल मच गई। हालांकि इन खबरों पर बात करते हुए रुबियो ने इन्हें मात्र अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि वह ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं।
मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की ऐतिहासिक हार के बाद मार्को रुबियो को लेकर ब्लूमबर्ग ने एक रिपोर्ट पेश की थी। जिसमें दावा किया गया था कि रुबियो चुनाव में मिली हार के बाद अपने लिए विकल्पों की तलाश कर रहे हैं। हालांकि द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए अपने इंटरव्यू में रुबियो ने स्पष्ट किया कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक उनके साथ काम करना चाहते हैं।
मार्को रुबियो ने गुरुवार को व्हाइट हाउस स्थित अपने कार्यालय में एक इंटरव्यू में कहा, सच कहूं तो, मुझे नहीं पता कि इस प्रकार की बातें कहां से आती हैं। मुझे अपना काम बहुत पसंद है और जब लोग यह कहते हैं कि वह अपनी नौकरी छोड़ देंगे तो उन्हें हंसी आती है। मैं पूछता हूं कौन सी नौकरी?
रुबियो से इंटरव्यू के दौरान 2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने को लेकर भी सवाल किए गए। हालांकि वह 2028 के चुनाव पर जवाब देने से बचते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि वह इस पर अब बात नहीं करना चाहते हैं। अमेरिकी विदेश सचिव ने कहा कि अगर जेडी वेंस चुनाव लड़ते हैं तो वह उनका समर्थन करेंगे। उन्होंने इससे पहले भी कहा था कि वेंस उनके बहुत अच्छे दोस्त हैं।
माना जा रहा है कि रिपब्लिकन पार्टी 2028 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में मार्को रुबियो या उपराष्ट्रपति जेडी वेंस में से किसी एक पर दांव लगा सकती है। इसके चलते कई बार यह खबरें सामने आई थी कि रुबियो और वेंस के बीच तनाव का माहौल है।