सूरीनाम में शख्स ने चाकू मारकर की 9 लोगों की हत्या, मृतकों में 5 बच्चे

Suriname Attack: सूरीनाम में एक व्यक्ति ने चाकू मारकर 9 लोगों की हत्या कर दी। मृतकों में 5 बच्चे हैं। पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ जारी है। मामले की खोजबीन की जा रही है।
Man stabs 9 people to death in Suriname, 5 children among the dead
सूरीनाम में चाकू मारकर हत्या। इमेज-एआई
Updated on

Suriname Stabbing Case: दक्षिण अमेरिकी देश सूरीनाम में एक शख्स ने चाकू मारकर 9 लोगों की हत्या कर दी। मरने वालों में 5 बच्चे शामिल हैं। यह घटना सूरीनाम की राजधानी पारामारिबो हुई है। पुलिस ने बताया कि इन मौतों के जिम्मेदार संदिग्ध को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उससे सघन पूछताछ कर रही है। अब तक हत्या की वजह की जानकारी नहीं हो सकी है।

पुलिस के एक बयान में कहा गया है कि 27 दिसंबर की रात से 28 दिसंबर की सुबह के बीच एक आदमी ने 4 वयस्कों और 5 बच्चों को धारदार चीज से मार डाला। एक छठा बच्चा और एक वयस्क गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। पारामारिबो पुलिस को संदिग्ध पर गोली चलानी पड़ी। गोली उसके पैरों में लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस घटना के बाद राजधानी के लोगों में काफी डर का माहौल बना हुआ है। लोग असुरक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

हमें दुनिया की एक और कड़वी सच्चाई का सामना करना पड़ रहा

सूरीनाम की राष्‍ट्रपति जेनिफर सिमंस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना और दुख जताया है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ऐसे समय में जब परिवार और दोस्तों को एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए, हमें दुनिया की एक और कड़वी सच्चाई का सामना करना पड़ रहा है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय कठिन समय में शक्ति, साहस और सांत्वना की कामना करती हूं। अधिकारियों ने पीड़ितों या हमले से पहले की परिस्थितियों के बारे में कोई और जानकारी जारी नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और जानकारी साझा की जाएगी।

दक्षिण अमेरिकी देश है सूरीनाम

बता दें, सूरीनाम एक दक्षिण अमेरिकी देश है। यह अपने घने वर्षावनों, बहुसांस्कृतिक आबादी और डच औपनिवेशिक विरासत के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यहां की आधिकारिक भाषा डच है। वैसे, बड़ी संख्या में लोग हिंदी (भोजपुरी) भी बोला करते हैं। इस देश में उत्तर प्रदेश और बिहार से गए हजारों लोग बसे हुए हैं। इसे 1975 में नीदरलैंड से आजादी मिली थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com