

Pakistan Kuwait Military Cooperation Agreement: खाड़ी देश कुवैत ने पाकिस्तान के साथ हुए अपने रणनीतिक रक्षा सहयोग समझौते को तीन साल के लंबे अंतराल के बाद आखिरकार हरी झंडी दे दी है। कुवैत के शाही फरमान के जारी होने के साथ ही यह समझौता अब आधिकारिक रूप से कानून का हिस्सा बन गया है।
यह कदम न केवल दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाएगा, बल्कि पश्चिम एशिया के बदलते सुरक्षा समीकरणों के बीच पाकिस्तान की क्षेत्रीय भूमिका को भी और अधिक प्रभावी बनाएगा।
दोनों देशों के बीच इस महत्वपूर्ण रक्षा समझौते पर 11 जून, 2023 को हस्ताक्षर किए गए थे। हालांकि, दस्तावेजी औपचारिकताएं और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने में लगभग तीन साल का समय लग गया।
ताजा घटनाक्रम में, कुवैत के शाही नेतृत्व ने इस समझौते को मंजूरी देते हुए मंत्रियों को इसे अपने-अपने विभागों में तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। इस फैसले से खाड़ी क्षेत्र में पाकिस्तान की सैन्य विशेषज्ञता की मांग और साझेदारी बढ़ने की उम्मीद है।
इस समझौते के तहत कुल 12 बिंदुओं का एक विस्तृत ढांचा तैयार किया गया है, जो दोनों देशों की सेनाओं के बीच भविष्य के सहयोग की दिशा तय करेगा। समझौते के मुख्य प्रावधानों में सैन्य प्रशिक्षण, रक्षा शिक्षा, खुफिया जानकारी साझा करना और रक्षा संस्थानों के बीच सीधा संपर्क शामिल है। इसके अलावा, दोनों देश रसद व्यवस्था और आधुनिक रक्षा तकनीक के आदान-प्रदान में भी एक-दूसरे की मदद करेंगे।
इस रक्षा डील की एक बड़ी विशेषता इसकी गोपनीयता और सुरक्षा संबंधी शर्तें हैं। समझौते के अनुसार, दोनों पक्ष किसी भी संवेदनशील सैन्य या तकनीकी जानकारी को साझा करने के दौरान पूर्ण गोपनीयता बनाए रखने पर सहमत हुए हैं। इसके अलावा, वित्तीय मामलों और 'इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स' को लेकर भी स्पष्ट नियम बनाए गए हैं।
यदि समझौते के क्रियान्वयन को लेकर कोई विवाद उत्पन्न होता है, तो उसका समाधान केवल आपसी बातचीत से किया जाएगा इसे किसी तीसरे पक्ष या अंतरराष्ट्रीय अदालत (ICJ) में नहीं ले जाया जा सकेगा।
पाकिस्तान की सेना लंबे समय से खाड़ी देशों के सुरक्षा ढांचे का हिस्सा रही है, और यह नया समझौता इसी कड़ी को और मजबूत करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि जहां कुवैत को इस डील से एक मजबूत सुरक्षा साझेदारी का आधार मिलेगा, वहीं पाकिस्तान को अपनी सैन्य ट्रेनिंग और रक्षा क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने का मौका मिलेगा। बदलते सुरक्षा हालात के बीच यह साझेदारी दोनों देशों को सैन्य और तकनीकी रूप से एक-दूसरे के करीब लाएगी।