किम यो जोंग (फोटो- सोशल मीडिया)
Seoul: उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग अमेरिका को परमाणु निरस्त्रीकरण पर सलाह दी है। जोंग ने कूटनीति बहाल करने के अमेरिका के इरादे को खारिज किया और वाशिंगटन को सलाह दी कि पहले वह उनके देश को परमाणु हथियार संपन्न देश के रूप में स्वीकार करे उसके बाद वार्ता फिर से शुरू करने के लिए नया दृष्टिकोण अपनाए।
जोंग ने अपने बयान में साफ किया कि उत्तर कोरिया बातचीत की मेज पर तभी लौटेगा, जब अमेरिका उसे अपनी परमाणु क्षमता के आंशिक समर्पण के लिए पुरस्कृत करेगा। माना जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कूटनीतिक उपलब्धि हासिल करने के लिए उत्तर कोरिया के साथ बातचीत की कोशिश कर सकते हैं।
हाल ही में ट्रंप ने किम जोंग उन के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्तों का जिक्र करते हुए, उनके साथ परमाणु कूटनीति को दोबारा शुरू करने की उम्मीद जताई थी। हालांकि, उनके पहले राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान 2018-19 में यह कूटनीति उस समय विफल हो गई थी, जब ट्रंप ने किम की एक पेशकश को खारिज कर दिया था।
किम ने अपने प्रमुख परमाणु परिसर को नष्ट करने के बदले प्रतिबंधों में व्यापक राहत की मांग की थी, जो परमाणु निरस्त्रीकरण की एक सीमित पहल थी। इसके बाद से किम ने अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को आधुनिक बनाने और उसका विस्तार करने के लिए कई हथियार परीक्षण किए हैं।
किम यो जोंग ने कहा कि उनके भाई और ट्रंप के बीच संबंध अब भी खराब नहीं हैं। लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इन व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर उत्तर कोरिया से परमाणु निरस्त्रीकरण की उम्मीद की जा रही है, तो यह उत्तर कोरिया की दृष्टि में केवल एक मजाक है।
ये भी पढ़ें: आलू-प्याज की तरह दुकान लगाकर बम बेच रहा तुर्की, ईरान-पाकिस्तान सबसे बड़े खरीददार
किम यो जोंग ने कहा कि किम-ट्रंप कूटनीति के पहले दौर के बाद उत्तर कोरिया की परमाणु क्षमता में काफी तेजी से इज़ाफा हुआ है और उत्तर कोरिया को परमाणु संपन्न राष्ट्र के रूप में मान्यता न देने के किसी भी प्रयास को सख्ती से खारिज किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिया कि उत्तर कोरिया आंशिक परमाणु निरस्त्रीकरण पर बातचीत को लेकर खुला हो सकता है। यह बयान उन्होंने एक अमेरिकी अधिकारी की कथित टिप्पणी के जवाब में दिया, जिसमें कहा गया था कि ट्रंप उत्तर कोरिया को परमाणु मुक्त बनाने के लिए किम जोंग उन से बातचीत को तैयार हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)