हिंसा के लिए नहीं है... ईरान पर हमलों के वीडियो में Firework गाना देख भड़कीं कैटी पेरी, ट्रंप प्रशासन को घेरा

Katy Perry On Trump: अमेरिकी सिंगर कैटी पेरी ने ईरान पर सैन्य हमलों के वीडियो में अपने गाने Firework के इस्तेमाल पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने ट्रंप प्रशासन पर बिना अनुमति गाना चलाने का आरोप लगाया।
Katy Perry slams Trump administration after her song 'Firework' is used in a video of US strikes on Iran asking who authorized it.
कैटी पेरी और ट्रंप, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Katy Perry On Trump Firework Song: मशहूर अमेरिकी सिंगर और गीतकार कैटी पेरी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके प्रशासन पर बुरी तरह भड़क गई हैं। कैटी पेरी ने इस बात पर गहरा दुख और गुस्सा व्यक्त किया है कि उनके सुपरहिट गाने Firework का इस्तेमाल अमेरिकी सेना द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के वीडियो में बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर किया गया है।

सिंगर ने दोटूक शब्दों में साफ कर दिया है कि इस काम के लिए न तो उनसे कोई अनुमति ली गई और न ही वह इस तरह की हिंसा का समर्थन करती हैं।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

यह पूरा मामला तब गरमाया जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर व्हाइट हाउस से जुड़े एक अकाउंट से एक वीडियो साझा किया गया। इस वायरल वीडियो में ईरान पर किए गए अमेरिकी सैन्य हमलों की क्लिप्स दिखाई जा रही थीं और बैकग्राउंड में कैटी पेरी का साल 2010 का मशहूर गाना 'Firework' बज रहा था। वीडियो के वायरल होते ही कैटी पेरी ने इस पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी और इसे पूरी तरह बर्दाश्त से बाहर बताया।

मैंने इसकी इजाजत नहीं दी थी

कैटी पेरी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि मैं व्हाइट हाउस के टिकटॉक अकाउंट पर सैन्य हमलों के फुटेज के साथ Firework का इस्तेमाल देखकर बेहद स्तब्ध और गुस्से में हूं। मैंने इसके लिए कोई मंजूरी नहीं दी थी, मुझसे पूछा तक नहीं गया और मैं ऐसी किसी भी बात का समर्थन नहीं करती।

सिंगर ने आगे बताया कि उनके संगीत का उद्देश्य लोगों को जोड़ने और उनका हौसला बढ़ाने के लिए है, न कि किसी युद्ध या सैन्य कार्रवाई को बढ़ावा देने के लिए।

बाइडेन के शपथ ग्रहण पर पेरी का स्टैंड

कैटी पेरी हमेशा से सामाजिक और मानवीय मूल्यों की पक्षधर रही हैं। यह याद दिलाना जरूरी है कि जनवरी 2021 में जब जो बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी, तब कैटी पेरी ने लिंकन मेमोरियल के सामने इसी गाने 'Firework' पर एक यादगार परफॉर्मेंस दी थी।

उनका मानना है कि उनके गाने सकारात्मकता फैलाने के लिए हैं। ट्रंप प्रशासन द्वारा इस गाने का इस्तेमाल युद्ध की कार्रवाई को दिखाने के लिए करना गायक की निजी मान्यताओं के बिल्कुल विपरीत है।

अरियाना ग्रांडे ने भी जताया था विरोध

हॉलीवुड कलाकारों के गानों का राजनीतिक या सैन्य अभियानों में बिना अनुमति इस्तेमाल का यह पहला मामला नहीं है। पिछले महीने ही मशहूर सिंगर अरियाना ग्रांडे ने भी ट्रंप प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला था।

दरअसल, उनके गाने 'Bye' का इस्तेमाल एक टिकटॉक वीडियो में किया गया था, जिसमें आव्रजन और सीमा प्रवर्तन (ICE) के अधिकारी लोगों को हिरासत में लेते दिखाए गए थे। उस वीडियो के कैप्शन में 'बाय-बाय' लिखकर तंज कसा गया था, जिसे अरियाना ने बेहद आपत्तिजनक माना था।

फिलहाल, कैटी पेरी के इस विरोध के बाद अमेरिकी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है। लेकिन इस घटना ने मनोरंजन जगत और राजनीति के बीच कॉपीराइट और वैचारिक मतभेदों की बहस को एक बार फिर हवा दे दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com