एपस्टीन फाइल्स में बड़ा खुलासा, कुख्यात अपराधी जेफ्री एपस्टीन के घर पहुंचा काबा का 'किसवा'; दुनिया हैरान

Jeffrey Epstein Files: एपस्टीन फाइल्स ने खुलासा किया है कि 2017 में इस्लाम का पवित्र 'किसवा' कपड़ा जेफ्री एपस्टीन के फ्लोरिडा स्थित घर भेजा गया था, जिससे धार्मिक और सुरक्षा संबंधी सवाल खड़े हो गए हैं।
Major revelation in the Epstein files: The 'Kiswah' of the Kaaba was found at the home of notorious criminal Jeffrey Epstein; the world is stunned.
काबा शरीफ किस्वा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Kaba Sharif Kiswa Shipment: अमेरिका में हाल ही में सार्वजनिक की गई नई 'एपस्टीन फाइल्स' ने एक बार फिर एक बेहद संवेदनशील, चौंकाने वाले और विवादित मामले को सामने ला दिया है। इन दस्तावेजों में किए गए खुलासों के अनुसार, इस्लाम धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक मक्का स्थित काबा पर चढ़ाया जाने वाला पवित्र काला कपड़ा, जिसे 'किसवा' कहा जाता है, किसी तरह अमेरिका भेजा गया था। हैरानी की बात यह है कि यह खेप सीधे कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के फ्लोरिडा स्थित निजी आवास पर पहुंचाई गई थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना वर्ष 2017 की बताई जा रही है। उस समय जेफ्री एपस्टीन न केवल पहले ही एक गंभीर आपराधिक मामले में सजा काट चुका था बल्कि वह आधिकारिक रूप से एक पंजीकृत 'सेक्स ऑफेंडर' के रूप में भी चिन्हित था।

शिपमेंट की इनसाइड स्टोरी

दस्तावेजों में फरवरी और मार्च 2017 के ईमेल्स शामिल हैं जो अजीजी अल-अहमदी और अब्दुल्ला अल-मारी नाम के व्यक्ति के बीच बातचीत को दर्शाते हैं। इन्हीं संपर्कों के जरिए काबा के किसवा से जुड़े तीन अलग-अलग टुकड़ों की व्यवस्था की गई और उन्हें ब्रिटिश एयरवेज के माध्यम से फ्लोरिडा भेजा गया।

ईमेल्स के मुताबिक, किसवा के इन तीन टुकड़ों में से एक काबा के अंदर इस्तेमाल किया गया था दूसरा बाहरी हिस्से को ढंकने वाला कपड़ा था और तीसरा उसी का एक अप्रयुक्त हिस्सा था। दिलचस्प बात यह है कि तीसरे टुकड़े को कस्टम प्रक्रिया से आसानी से निकालने के लिए 'आर्टवर्क' के रूप में घोषित किया गया था। अल-अहमदी ने अपने ईमेल में इस कपड़े की महत्ता बताते हुए लिखा था कि इसे करोड़ों मुसलमानों ने छुआ है और इस पर अपनी दुआएं और आंसू छोड़े हैं।

खुफिया एजेंसियों से संबंधों के दावे

इन फाइल्स में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एक पवित्र धार्मिक वस्तु एपस्टीन जैसे व्यक्ति को क्यों और किस आधार पर भेजी गई। हालांकि, फाइल्स के साथ जारी एक एफबीआई (FBI) मेमो में चौंकाने वाला दावा किया गया है कि एपस्टीन के अमेरिकी और इजरायली खुफिया एजेंसियों से संबंध थे। वह इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री एहुद बराक का करीबी बताया गया है। इसके अलावा, एपस्टीन की सहायक द्वारा 'डीएनए टेस्ट किट' भेजे जाने का भी जिक्र है जिसका उद्देश्य फिलहाल अभी साफ नहीं है।

Navbharat Live
navbharatlive.com