अमेरिका-ईरान बैठक के बीच इजरायल ने किया बड़ा हमला, लेबनान में बरसाए बम, कई लोगों की मौत

Israel-Lebanon War: इजरायल ने लेबनान के नबातीह में भीषण हमला किया, जिसमें 3 की मौत हो गई। इस्लामाबाद वार्ता के बीच छिड़ा 'सीजफायर विवाद', अब 14 अप्रैल को इजरायल-लेबनान के बीच सीधी बातचीत की उम्मीद।
Israel Attack Lebanon
इजरायल ने लेबनान पर हमला किया (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Israel Attack Lebanon: इजरायल ने शनिवार को लेबनान के दक्षिणी हिस्से में एक और हमला किया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। यह हमला नबातीह क्षेत्र के मेफादौन कस्बे की एक रिहायशी इमारत पर किया गया। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता शुरू होने वाली है।

इस पूरे घटनाक्रम में लेबनान एक अहम मुद्दा बनकर उभरा है। ईरान का कहना है कि हाल ही में घोषित दो हफ्तों के युद्धविराम में लेबनान भी शामिल था, जबकि बेंजामिन नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि यह सीजफायर केवल ईरान और अमेरिका तक सीमित था।

14 अप्रैल को इजरायल-लेबनान के बीच शांति वार्ता

इजरायल के लगातार हमलों के कारण ईरान ने पहले इस्लामाबाद वार्ता में शामिल होने से इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में जब इजरायल ने लेबनान के साथ बातचीत की इच्छा जताई, तब ईरान वार्ता के लिए तैयार हुआ। अब इजरायल और लेबनान के बीच 14 अप्रैल से सीधी बातचीत शुरू होने की संभावना है। जोसेफ औन के अनुसार, यह बातचीत युद्ध समाप्त करने और स्थायी समाधान खोजने के उद्देश्य से होगी। इससे पहले दोनों देशों के राजनयिकों ने में अमेरिका भी संपर्क साधा था, जहां अमेरिका मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।

अब तक 1,900 लोगों की मौत

लेबनान की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के बाद पिछले 40 दिनों में करीब 1,900 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक ही दिन में हुए भीषण हमलों में 300 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की भी पुष्टि हुई थी।

लेबनान सीजफायर का हिस्सा नहीं

इजरायल का कहना है कि हिजबुल्लाह और लेबनान इस सीजफायर का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए उसकी सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। दूसरी ओर, लेबनान चाहता है कि किसी भी तरह की बातचीत एक औपचारिक युद्धविराम के तहत ही हो, ताकि हिंसा को रोका जा सके।

एक तरफ जहां इस्लामाबाद में शांति वार्ता के जरिए तनाव कम करने की कोशिश हो रही है, वहीं दूसरी ओर लेबनान में जारी हमले पूरे क्षेत्र की स्थिति को और ज्यादा जटिल और संवेदनशील बना रहे हैं। 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com