

Israel Kills Hamas Army Chief Muhammad Odeh: इजरायल और हमास के बीच जारी जंग में इजरायली सेना को एक और बहुत बड़ी सफलता मिली है। इजरायल ने दावा किया है कि उसने गाजा में चलाए गए एक सटीक सैन्य अभियान के दौरान हमास के नए सैन्य प्रमुख मुहम्मद ओदेह को मार गिराया है। मुहम्मद ओदेह को 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए भीषण आतंकी हमले के मुख्य योजनाकारों और 'मास्टरमाइंड्स' में से एक माना जाता था।
इजरायली सेना के आधिकारिक बयानों के अनुसार, मुहम्मद ओदेह हमास का एक अत्यंत प्रभावशाली और खतरनाक कमांडर था। 7 अक्टूबर के हमले के दौरान, वह हमास के इंटेलिजेंस विभाग के प्रमुख के रूप में कार्यरत था और उसने इजरायली सीमा के भीतर घुसकर किए गए हमलों और अपहरणों की पूरी रूपरेखा तैयार करने में प्रमुख भूमिका निभाई थी। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज के सीधे निर्देशों पर इस सैन्य कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
मुहम्मद ओदेह की मौत हमास के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है क्योंकि उसे महज एक हफ्ते पहले ही हमास की सैन्य शाखा का नया प्रमुख नियुक्त किया गया था। उसने इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद की जगह ली थी, जिसे दो हफ्ते पहले गाजा में एक अन्य इजरायली हमले में ढेर कर दिया गया था। ओदेह पर कई इजरायली नागरिकों और सैनिकों की बेरहमी से हत्या करने और बंधक बनाने के गंभीर आरोप थे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वे हमले में शामिल हर एक आतंकी को उसके अंजाम तक पहुंचाएंगे।
हमास के साथ-साथ इजरायल ने उत्तरी सीमा पर हिज्बुल्लाह के खिलाफ भी अपनी सैन्य कार्रवाई काफी तेज कर दी है। दक्षिणी लेबनान के टायर और मरजायून जिलों में इजरायली वायुसेना ने ताबड़तोड़ एयर स्ट्राइक की हैं। खबरों के मुताबिक, बुर्ज रहाल, सरीफा और अस-सवाना जैसे इलाकों में हुए इन हमलों में मंगलवार को कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने एक वीडियो संदेश जारी कर बताया कि पिछले कुछ हफ्तों में इजरायली सैनिकों ने 600 से अधिक आतंकियों को मौत के घाट उतारा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इजरायल अब रुकने वाला नहीं है और सेना को और अधिक आक्रामक होने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने भी इजरायल को हिज्बुल्लाह के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान के लिए समर्थन के संकेत दिए हैं। इस ताजा कार्रवाई के बाद मीडिल ईस्ट में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है।