गाजा में फिर भड़की जंग! इजरायल ने हमास ठिकानों पर बरसाए बम, अमेरिकी रिपोर्ट के बाद शुरू किया हमला

Israel Broke Ceasefire in Gaza: इजरायल ने गाजा के राफा क्षेत्र में एयरस्ट्राइक की, अमेरिकी रिपोर्ट में दावा किया गया कि हमास सीजफायर तोड़कर बड़े हमले की योजना बना रहा था।
गाजा में फिर भड़की जंग! इजरायल ने हमास ठिकानों पर बरसाए बम, अमेरिकी रिपोर्ट के बाद शुरू किया हमला
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 
Updated on: 

Israel-Hamas War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से गाजा में शांति स्थापित करने की लाख कोशिशों के बावजूद, एक बार फिर इज़रायल और हमास के बीच युद्ध शुरू हो गया है। रविवार, 19 अक्टूबर 2025 को इज़रायली सेना ने गाजा पट्टी में एयरस्ट्राइक की है, हालांकि इस हमले पर इज़रायल की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

इज़रायली मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस एयरस्ट्राइक को गाजा के राफा इलाके में अंजाम दिया गया है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका ने हमास पर गाजा पट्टी में फ़िलिस्तीनी नागरिकों पर हमले की योजना बनाने का आरोप लगाया है। टाइम्स ऑफ इज़रायल के मुताबिक, यह हवाई हमला उस हमले का जवाब है, जिसमें राफा में आतंकवादियों ने इज़रायली सेना पर हमला किया था।

सीजफायर तोड़ने की योजना बना रहा है हमास

इजरायली रक्षा बलों (IDF) के अनुसार, 17 अक्टूबर को राफा क्षेत्र में एक सुरंग से कई आतंकवादी बाहर आए और इज़रायली सैनिकों पर गोलीबारी की, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अमेरिका ने खुफिया जानकारी के आधार पर दावा किया है कि हमास गाजा के लोगों पर हमला कर सीजफायर तोड़ने की योजना बना रहा है। वहीं, इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार, 19 अक्टूबर को चेतावनी दी कि गाजा में संघर्ष तब तक खत्म नहीं होगा जब तक हमास पूरी तरह से हथियार नहीं डाल देता। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि राफा क्रॉसिंग तभी खोली जाएगी जब हमास सभी बंधकों को रिहा करेगा और समझौते की शर्तों का पालन करेगा।

एक हफ्ते पहले ही हुआ था सीजफायर

इज़रायल और हमास के बीच 10 अक्टूबर को शांति समझौता हुआ था। ट्रंप की 20 सूत्रीय शांति योजना के तहत, हमास को तुरंत युद्धविराम करते हुए 20 जीवित बंधकों को रिहा करना था और इज़रायली सेना के गाजा में लौटने के बाद 72 घंटे के भीतर 28 मृत बंधकों के शव सौंपने थे। लेकिन अब तक हमास ने केवल 10 शव ही लौटाए हैं

इस बीच, मिस्र में ट्रंप की अध्यक्षता में दुनियाभर के नेताओं ने गाजा में शांति स्थापित करने और फ़िलिस्तीन के भविष्य को लेकर चर्चा भी की थी। हालांकि, हमास ने इस बैठक में शामिल होने से इनकार करते हुए दूरी बना ली थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com