इजरायल को तबाह कर देगा ईरान! बदले के लिए बैलेस्टिक मिसाइलों से किया हमला, चारों तरफ मची अफरा-तफरी

ईरान ने इजराइल पर बड़ा हमला किया है। इजराइली सेना ने दावा किया है कि ईरान की ओर से 102 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई हैं। नागरिकों को आश्रय स्थलों में रहने को कहा गया है। आईडीएफ की चेतावनी के बाद पूरे इजराइल में सायरन बज रहे हैं। भारतीय दूतावास ने भी अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
इजरायल से बदला लेगा ईरान; बैलेस्टिक मिसाइलों से किया हमला, चारों तरफ मची अफरा-तफरी
ईरान ने इजरायल पर किया बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

तेल अवीव: ईरान ने इजराइल पर बड़ा हमला किया है। इजराइली सेना ने दावा किया है कि ईरान की ओर से 102 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई हैं। नागरिकों को आश्रय स्थलों में रहने को कहा गया है। आईडीएफ की चेतावनी के बाद पूरे इजराइल में सायरन बज रहे हैं। खास तौर पर मध्य और दक्षिणी इजराइल में लोगों को बंकरों में जाने को कहा गया है। इजराइल के आयरन डोम ने ईरानी मिसाइलों से मुकाबला करना शुरू कर दिया है।

हिजबुल्लाह प्रमुख नसरल्लाह की मौत के बाद से ही माना जा रहा था कि इजराइल पर बड़ा हमला हो सकता है। ईरान द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने से पहले ही इजराइली सेना ने हमले की आशंका जताई थी। आईडीएफ की ओर से ट्वीट में यह भी कहा गया था कि हिजबुल्लाह इजराइल के निर्दोष नागरिकों को मारने की योजना बना रहा है।

मंगलवार को जाफ्फा स्टेशन से इजराइल पर हमले शुरू हुए, जहां दो आतंकियों ने नागरिकों पर फायरिंग की। इस फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई। इजराइल इस हमले से निपट ही रहा था कि ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने की खबर ने इजराइल के नागरिकों में दहशत पैदा कर दी है।

एक्टिव हुआ आयरन डोम

ईरान की ओर से मिसाइल दागे जाने के तुरंत बाद इजरायल ने अपने सुरक्षा कवच आयरन डोम को सक्रिय कर दिया है। फिलहाल इजरायल का पूरा ध्यान ईरान की मिसाइलों को रोकने पर है। टाइम्स ऑफ इजरायल की एक रिपोर्ट के मुताबिक आयरन डोम ने ईरान की मिसाइलों को मार गिराना शुरू कर दिया है। इजरायली सेना के प्रवक्ता डेनियल हैगरी ने कहा कि हमारा आयरन डोम सक्रिय है। हम हर तरह के खतरे और हमले का मुकाबला करने में सक्षम हैं।

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

इजरायल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इजरायल में भारतीय दूतावास ने एक एडवाजरी जारी करते हुए सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं भारतीय दूतावास ने मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर्स भी जारी किए हैं।

ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के बीच आईडीएफ ने बयान जारी कर कहा है कि नागरिकों को अगले आदेश तक सुरक्षित क्षेत्रों में ही रहना होगा। सेना के बयान में कहा गया है कि तेल अवीव, मृत सागर के पास, दक्षिण में और शेरोन क्षेत्र में कई जगहों पर रॉकेट हमले की खबरें मिली हैं। अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि सभी इजरायलियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है।

ईरान के इजरायल पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बयान जारी कर कहा है कि वह हर परिस्थिति में इजरायल का साथ देंगे। उन्होंने सुरक्षा सलाहकार से भी बात की है। व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि बाइडेन ने सुरक्षा सलाहकारों के साथ बैठक में इजरायल को हमलों से बचाने की समीक्षा की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com