होर्मुज में फंसा बांग्लादेशी जहाज: ईरानी सेना ने MV बांग्लार जॉयजात्रा को रोका, 31 क्रू मेंबर्स की सांसें अटकी
Iran Blocks Bangladeshi Ship: होर्मुज में तनाव के बीच ईरानी सेना ने बांग्लादेशी मालवाहक जहाज 'एमवी बांग्लार जॉयजात्रा' को रोक दिया है। 31 क्रू सदस्यों वाला यह जहाज अब अनुमति का इंतजार कर रहा है।
- Written By: अमन उपाध्याय
बांग्लादेशी जहाज, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Iran Blocks Bangladeshi Ship MV Banglar Joyjatra: दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्ग, होर्मुज की खाड़ी (Strait of Hormuz) में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम में, बांग्लादेश के सरकारी ‘बांग्लादेश शिपिंग कॉर्पोरेशन’ (BSC) के मालवाहक जहाज ‘एमवी बांग्लार जॉयजात्रा’ को ईरानी अधिकारियों ने आगे बढ़ने से रोक दिया है।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने इस जहाज को ट्रांजिट की मंजूरी न होने का हवाला देकर रोक दिया है। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान ने पहले इस मार्ग को खोलने का संकेत दिया था जिससे कई व्यापारिक जहाजों ने वहां से गुजरने की कोशिश की थी।
ईरानी नौसेना का सख्त रेडियो निर्देश
ईरानी नौसेना ने क्षेत्र में कड़ा रुख अपनाते हुए एक रेडियो निर्देश जारी किया है। इस आदेश में वहां से गुजरने वाले सभी जहाजों को तत्काल अपने इंजन बंद करने और आवाजाही रोकने की चेतावनी दी गई है। ईरानी अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि आईआरजीसी की लिखित अनुमति के बिना किसी भी विदेशी जहाज को इस मार्ग को पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एमवी बांग्लार जॉयजात्रा के चालक दल ने बताया कि यह आदेश रात के अंधेरे में अचानक जारी किया गया, जिससे जहाजों के बीच अफरातफरी मच गई।
सम्बंधित ख़बरें
एक दिन की राहत के बाद होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव, अमेरिकी अपाचे एच-64 हेलीकॉप्टरों ने शुरू की गश्त
गायब हो रहे बलूच छात्र: क्वेटा से ग्वादर तक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों का खौफ, युवाओं की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
Hormuz की खाड़ी में जहाजों पर फायरिंग, ईरान ने की फिर से एंट्री बंद; क्या फिर बढ़ेंगे तेल के दाम?
ईरान जंग की आंच अब यूरोप तक, ब्रिटेन में आतंकी हमलों का बड़ा अलर्ट, ‘शैडो वॉर’ की रिपोर्ट ने उड़ाई नींद
क्या थी जहाज की गलती?
बीएससी के मैनेजिंग डायरेक्टर कमोडोर महमूदुल मालेक ने बताया कि कंपनी ने पहले ईरान से अनुमति मांगी थी लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। चूंकि कोई आधिकारिक मनाही नहीं आई थी और लगभग 40 अन्य कमर्शियल जहाज उस रास्ते पर चलने लगे थे, इसलिए बांग्लार जॉयजात्रा ने भी उनके पीछे चलना शुरू कर दिया। जहाज अपनी सामान्य गति से ओमान सागर की ओर बढ़ रहा था, लेकिन रात करीब 12:30 बजे ईरानी नेवी और आईआरजीसी के एक संदेश ने पूरी यात्रा पर ब्रेक लगा दिया।
37,000 टन खाद और 31 क्रू मेंबर्स का सफर
इस जहाज पर 31 क्रू मेंबर्स सवार हैं जो वर्तमान में समुद्र के बीच में फंसे हुए हैं। जहाज के चीफ इंजीनियर रशीदुल हसन के अनुसार, जहाज ने सऊदी अरब के रास अल खैर पोर्ट से लगभग 37,000 टन फर्टिलाइजर (खाद) लोड किया था। इसकी मंजिल दक्षिण अफ्रीका का केप टाउन शहर थी। इससे पहले भी इस जहाज ने 8 अप्रैल को इस रास्ते को पार करने की कोशिश की थी और करीब 40 घंटे तक इंतजार किया था लेकिन तब भी इसे सफलता नहीं मिली थी।
यह भी पढ़ें:- एक दिन की राहत के बाद होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव, अमेरिकी अपाचे एच-64 हेलीकॉप्टरों ने शुरू की गश्त
फरवरी से जारी है रुकावटों का सिलसिला
एमवी बांग्लार जॉयजात्रा की यह यात्रा लंबे समय से बाधाओं का सामना कर रही है। यह जहाज 27 फरवरी को कतर के मेसाईद पोर्ट से 38,800 टन स्टील कॉइल लेकर संयुक्त अरब अमीरात के जेबेल अली पोर्ट पहुंचा था। क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात और सुरक्षा कारणों से जहाज काफी समय तक पोर्ट पर ही खड़ा रहा और इसकी अनलोडिंग की प्रक्रिया भी 11 मार्च तक खिंच गई। वर्तमान में, जहाज के अधिकारी और बांग्लादेशी प्रशासन ईरानी अधिकारियों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं ताकि 31 क्रू सदस्यों और कीमती माल को सुरक्षित निकाला जा सके।
