इंडोनेशिया में कुदरत का कहर, 7.4 की तीव्रता से कांपी धरती, भूकंप के बाद 1,000 किमी तक अलर्ट जारी

Indonesia के मोलुक्का सागर में 7.4 तीव्रता का भीषण भूकंप आने के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। तेरनाते से 127 किमी दूर केंद्रित इस भूकंप से फिलीपींस और मलेशिया तक खतरा मंडरा रहा है।
Earthquake in Indonesia
इंडोनेशिया में भूकंप (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Earthquake in Indonesia: इंडोनेशिया के उत्तर-पूर्व में स्थित मोलुक्का सागर क्षेत्र में 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अमेरिकी वैज्ञानिक संस्था संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, यह भूकंप गुरुवार को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6:45 बजे आया। भूकंप की गहराई लगभग 35 किलोमीटर दर्ज की गई और इसका केंद्र इंडोनेशिया के शहर तेरनाते से करीब 127 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में स्थित था।

भूकंप के तेज झटकों के बाद तुरंत सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि इस भूकंप के कारण समुद्र में खतरनाक लहरें उठ सकती हैं, जो आसपास के तटीय क्षेत्रों को प्रभावित कर सकती हैं। विशेष रूप से इंडोनेशिया के साथ-साथ फिलीपींस और मलेशिया के तटीय इलाकों में सुनामी का खतरा जताया गया है। एजेंसी के अनुसार, भूकंप के केंद्र से करीब 1,000 किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्रों को सतर्क रहने की जरूरत है।

समुद्र तटों से दूर रहने की अपील

पूर्वी इंडोनेशिया के तेरनाते शहर और उसके आसपास के द्वीपों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है। स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने की अपील की गई है। हालांकि अब तक इस भूकंप से किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। इंडोनेशिया दुनिया के सबसे भूकंप-प्रवण देशों में से एक है। यह रिंग ऑफ फायर पर स्थित है, जो पृथ्वी का एक अत्यंत सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र है। इस क्षेत्र में कई टेक्टोनिक प्लेट्स आपस में टकराती हैं, जिससे अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट होते रहते हैं। यही कारण है कि इंडोनेशिया में इस तरह की प्राकृतिक आपदाएं बार-बार देखने को मिलती हैं।

इंडोनेशिया में भूकंप का पुराना इतिहास

इतिहास गवाह है कि इंडोनेशिया में पहले भी कई विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं। साल 2022 में सियानजुर में आए 5.6 तीव्रता के भूकंप में सैकड़ों लोगों की जान चली गई थी। वहीं 2018 में सुलावेसी में आए भूकंप और उसके बाद आई सुनामी ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें हजारों लोग मारे गए थे।

इसके अलावा 2004 में आए हिंद महासागर सुनामी को दुनिया की सबसे घातक प्राकृतिक आपदाओं में से एक माना जाता है। इस आपदा में एक दर्जन से अधिक देशों में करीब 2.3 लाख लोगों की मौत हुई थी, जिनमें सबसे ज्यादा प्रभावित इंडोनेशिया का आचे प्रांत रहा था। 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com