

Eight Agreements India Ethiopia: भारत और इथियोपिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों ने मंगलवार को एक नया अध्याय लिखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके इथियोपियाई समकक्ष अबिय अहमद अली के बीच व्यापक वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने आपसी रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) में बदलने का महत्वपूर्ण फैसला लिया। इस कदम को भारत-अफ्रीका संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद घोषणा की कि भारत और इथियोपिया अब अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा, नई गति और नई गहराई लाएगा। वार्ता के दौरान अर्थव्यवस्था, तकनीक, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता निर्माण और बहुपक्षीय सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। मोदी ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ भारत को इथियोपिया के समर्थन के लिए प्रधानमंत्री अली का आभार भी जताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और इथियोपिया के हजारों वर्षों पुराने संपर्क, संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर जोर दिया। उन्होंने दोनों देशों को भाषाओं और परंपराओं से समृद्ध तथा विविधता में एकता का प्रतीक बताया। दोनों लोकतांत्रिक शक्तियां शांति और मानव कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। ग्लोबल साउथ के साझेदार के रूप में, दोनों देशों ने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर हमेशा एक-दूसरे का साथ दिया है। पीएम मोदी ने अफ्रीकी संघ को जी20 का स्थायी सदस्य बनाने के भारत के कदम को भी याद दिलाया।
इस ऐतिहासिक मौके पर दोनों देशों के बीच सहयोग को नई धार देने के लिए आठ अहम समझौतों और करारों पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों में शामिल हैं-
इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली ने भारत को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का सबसे बड़ा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि 615 से अधिक भारतीय कंपनियां इथियोपिया में निवेश कर रही हैं, जो दोनों देशों के बीच मजबूत भरोसे की नींव है। प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया गया, जिससे वह यह सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष बन गए।