भारत से कंबोडिया का सफर अब आसान, IndiGo दोनो देशों के बीच शुरू कर रही डायरेक्ट फ्लाइट

India Cambodia Direct Flight: भारत और कंबोडिया के बीच कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। इंडिगो एयरलाइन ने कोलकाता और सिएम रीप के बीच सीधी उड़ान शुरू करने का ऐलान...
Traveling from India to Cambodia is now easier, IndiGo is starting direct flights between the two countries.
इंडिगो फ्लाइट, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Kolkata to Cambodia Flight: भारत और कंबोडिया के बीच अब हवाई संपर्क और भी आसान होने जा रहा है। इंडिगो एयरलाइन ने घोषणा की है कि वह भारत के कोलकाता और कंबोडिया के सिएम रीप के बीच डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने जा रही है। यह उड़ान 14 नवंबर, गुरुवार से शुरू होगी और सप्ताह में तीन बार सोमवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी।

कंबोडिया के पर्यटन मंत्री हुओत हाक ने बुधवार को इस नई फ्लाइट सेवा की जानकारी दी। यह पहली बार होगा जब भारत और कंबोडिया के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। इंडिगो ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह उड़ान एयरबस ए320 नियो विमान से संचालित की जाएगी।

सांस्कृतिक और ऐतिहासिक केंद्र

सिएम रीप को कंबोडिया का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक केंद्र माना जाता है। यह शहर यूनेस्को द्वारा सूचीबद्ध अंकोर पुरातत्व पार्क का घर है, जहां दुनिया प्रसिद्ध अंकोर वाट मंदिर स्थित है। नई फ्लाइट से भारतीय पर्यटकों को अब बिना किसी ट्रांजिट के सीधे सिएम रीप पहुंचने की सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटन और व्यापार दोनों को बढ़ावा मिलेगा। हाल ही में कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने 20 अक्टूबर को टेको इंटरनेशनल एयरपोर्ट (TIA) का उद्घाटन किया था। यह दक्षिण पूर्व एशिया के सबसे बड़े और अत्याधुनिक हवाई अड्डों में से एक है। 2.3 अरब डॉलर की लागत से तैयार यह एयरपोर्ट अब नोम पेन्ह इंटरनेशनल एयरपोर्ट की जगह ले चुका है।

आर्थिक और पर्यटन विकास

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पीएम मानेट ने उद्घाटन समारोह में कहा था कि यह नया एयरपोर्ट कंबोडिया के आर्थिक और पर्यटन विकास का उत्प्रेरक बनेगा। उन्होंने बताया कि यह एयरपोर्ट 4 किलोमीटर लंबे रनवे से सुसज्जित है, जहां सभी प्रकार के अंतरराष्ट्रीय विमान लैंड कर सकते हैं।

टीआईए का निर्माण 2020 में शुरू हुआ था, जिसे चीन की कंपनी चाइना स्टेट कंस्ट्रक्शन इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन ने तैयार किया है। यह परियोजना कंबोडिया एयरपोर्ट इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड द्वारा विकसित की गई है और राजधानी नोम पेन्ह से लगभग 20 किलोमीटर दूर, कंदल और ताकेओ प्रांतों में फैले 2,600 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थित है।

कंबोडिया सरकार का मानना है कि इंडिगो की यह डायरेक्ट फ्लाइट न केवल पर्यटन को गति देगी, बल्कि भारत और कंबोडिया के बीच व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई दिशा देगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com