यूनान: नौका डूबने से 59 प्रवासियों की मौत, दर्जनों लोगों के लापता होने की आशंका
- Written By: शुभम सोनडवले
AP/PTI Photo
एथेंस. दक्षिणी यूनान के एक तट के निकट मछली पकड़ने वाली नौका के डूब जाने से कम से कम 59 प्रवासियों की मौत हो गई। घटना में दर्जनों लोगों के लापता होने की आशंका है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर तलाशी एवं बचाव अभियान शुरू किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि देश के दक्षिणी पेलोपोनिसे क्षेत्र से लगभग 75 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में रात के समय हुई इस घटना के बाद अब तक 104 लोगों को बचाया गया है। यूनान तटरक्षक बल ने कहा कि समुद्र से 59 लोगों के शव बरामद किए गए हैं जबकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं की जा सकी कि नौका पर सवार कितने यात्री लापता हैं। तलाशी एवं बचाव अभियान में तटरक्षक बल के छह पोत, नौसेना का एक जहाज, सेना का एक परिवहन विमान और वायु सेना के एक हेलीकॉप्टर समेत ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
घटना में बचाए गए दर्जनों प्रवासियों को एम्बुलेंस सेवा द्वारा स्थापित शिविरों में उपचार के लिए ले जाया गया है। माना जा रहा है कि इटली जा रही यह नौका पूर्वी लीबिया के टोब्रुक इलाके से रवाना हुई थी।
सम्बंधित ख़बरें
Sheikh Hasina के सार्वजनिक रूप से सामने आने से भड़का बांग्लादेश बोला- भगोड़े की वजह से भारत न बिगाड़े संबंध
पाकिस्तान में अज्ञात हमलावर ने 30 Lashkar Terrorists को मारा, वीडियो से हुआ खुलासा
PoK Election में जितने के बाद नवाज शरीफ को PM बनाएंगे शहबाज? पूरा करेंगे बड़े भाई का सपना
रोजी-रोटी से शुरू आंदोलन बना बगावत, PoK में जारी हिंसा से बेनकाब हुई पाक सरकार और मुनीर सेना
गौरतलब है कि स्थानीय तट रक्षक गश्ती दलों से बचने के लिए तस्करों द्वारा बड़ी नौकाओं के जरिये अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र को पार करने के प्रयास की घटनाएं बढ़ रही हैं। लीबिया के अधिकारियों ने इस महीने की शुरुआत में पूर्वी लीबिया में प्रवासियों पर एक बड़ी कार्रवाई शुरू की है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा है कि मिस्र, सीरिया, सूडान और पाकिस्तानी नागरिकों सहित कई हजार प्रवासियों को हिरासत में लिया गया है। (एजेंसी)
