फ्लाइट सूट से लेकर बसों तक, अब ट्रंप के नाम से सजेगा फ्लोरिडा एयरपोर्ट; सीनेट से मिली हरी झंडी

Florida Airport Renamed: फ्लोरिडा के पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर 'डोनाल्ड जे. ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट' रखने को मंजूरी मिल गई है। गवर्नर की सहमति के बाद जुलाई से यह बदलाव लागू हो सकता है।
From flight suits to buses, a Florida airport will now bear Trump's name; Senate gives the green light.
राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Palm Beach Airport News: अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के वेस्ट पाम बीच स्थित प्रसिद्ध 'पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट'  की पहचान अब बदलने वाली है। फ्लोरिडा के सांसदों ने इस हवाई अड्डे का नाम बदलकर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर रखने के प्रस्ताव को आधिकारिक रूप से मंजूरी दे दी है। अब इस एयरपोर्ट का नया नाम 'राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप इंटरनेशनल एयरपोर्ट' होगा।

सीनेट से मिली मंजूरी

नाम बदलने से जुड़ा यह महत्वपूर्ण बिल इस सप्ताह फ्लोरिडा की राज्य सीनेट से पारित कर दिया गया है। अब इस विधायी प्रक्रिया का अगला और अंतिम चरण रिपब्लिकन गवर्नर रॉन डेसेंटिस के हस्ताक्षर हैं। यदि गवर्नर इस बिल पर हस्ताक्षर कर इसे कानून का रूप दे देते हैं और इसके साथ ही फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) से भी आवश्यक तकनीकी मंजूरी मिल जाती है तो आगामी जुलाई 2026 में नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी तरह से प्रभावी हो जाएगी।

बस से लेकर फ्लाइट सूट तक पर होगा ट्रंप का नाम

रिपोर्ट्स के अनुसार, नाम बदलने की इस कानूनी प्रक्रिया के बीच ट्रंप ऑर्गनाइजेशन ने भी बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। हवाई अड्डे का नाम बदलने की मंजूरी मिलने के कुछ ही दिनों बाद, ट्रंप ऑर्गनाइजेशन ने फेडरल ट्रेडमार्क ऑफिस में आवेदन जमा किए हैं। इन आवेदनों के जरिए कंपनी ने एयरपोर्ट पर और वहां मिलने वाली दर्जनों सेवाओं पर राष्ट्रपति ट्रंप के नाम का उपयोग करने का विशेष अधिकार मांगा है। इसमें यात्रियों को लाने-ले जाने वाली बसें, छतरियां और यहां तक कि फ्लाइट सूट्स भी शामिल हैं।

पाम बीच की बदलती राजनीति

पाम बीच काउंटी ऐतिहासिक रूप से एक डेमोक्रेटिक-बहुल और उदारवादी क्षेत्र माना जाता रहा है। हालांकि, पिछले एक दशक में यहां की राजनीति में बड़ा बदलाव देखा गया है और यह क्षेत्र अब दक्षिणपंथ की ओर झुक रहा है। जानकारों का मानना है कि 'MAGA' समर्थकों और अरबपतियों के इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में आने के कारण यह राजनीतिक बदलाव हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में पाम बीच के मतदाताओं ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस को ट्रंप के मुकाबले बहुत ही मामूली अंतर से चुना था।

गवर्नर हाउस की प्रतिक्रिया

फिलहाल, इस बिल पर अंतिम निर्णय गवर्नर रॉन डेसेंटिस के हाथों में है। उनकी प्रेस सेक्रेटरी मौली बेस्ट ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि गवर्नर को अभी तक आधिकारिक तौर पर यह बिल प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जैसे ही बिल उन्हें मिलेगा वे इसके अंतिम रूप की विस्तृत समीक्षा करेंगे और उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो जुलाई के महीने में यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अपनी नई पहचान के साथ दुनिया के सामने होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com