

Flavio Bolsonaro Passport Seized: ब्राजील की एक कोर्ट ने विपक्षी नेता फ्लेवियो बोल्सोनारो के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। साथ ही 24 घंटे के अदंर अपना पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया गया है। यह आदेश रविवार को राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आने के तुरंत बाद आया। लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने फ्लेवियो को हराकर लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव जीत लिया है।
ब्राजील की पब्लिक न्यूज एजेंसी एजेंसिया ब्रासिल ने बताया कि सर्वोच्च संघीय न्यायालय के जज एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने यह गोपनीय फैसला सुनाया, जिसमें बोल्सोनारो को वकील विलर टोमाज से संपर्क करने पर भी रोक लगा दी गई है, जिनकी जांच सीनेटर के साथ एक संदिग्ध मनी-लॉन्ड्रिंग मामले में हो रही है।
फ्लेवियो बोल्सोनारो ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए पासपोर्ट जमा करने के आदेश की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि उन्हें यह नोटिस उनके पिता और पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो से मिलने के बाद दिया गया था, जो ब्रासीलिया में अपने घर में नजरबंद हैं।
उन्होंने कहा, मुझे सड़क पर ही अपना पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया गया, और मुझे देश छोड़ने से भी मना किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके भाई एडुआर्डो बोल्सोनारो की बातों पर आधारित था, जिन्होंने कथित तौर पर पिछले शुक्रवार को एक पॉडकास्ट में कहा था कि अगर फ्लेवियो चुनाव हार जाते हैं तो उन्हें ब्राजील छोड़ देना चाहिए। फ्लेवियो बोल्सोनारो ने कहा, मैंने ऐसा कभी नहीं कहा, उन्होंने इस बात से इनकार किया कि उनका देश से भागने का इरादा है।
इस फैसले से उनके सभी पासपोर्ट रद्द हो गए हैं, जिसमें सीनेटर के तौर पर उनके पास मौजूद राजनयिक पासपोर्ट भी शामिल है। यह फेडरल पुलिस की उस जांच का भी हिस्सा है जिसमें संदिग्ध मनी लॉन्ड्रिंग और गैर-कानूनी फॉरेन एक्सचेंज ट्रांजैक्शन शामिल है। जिसकी जांच चल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्राजील के सर्वोच्च संघीय न्यायालय और फेडरल पुलिस ने मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
रविवार को सामने आए चुनावी नतीजों में फ्लेवियो बोल्सोनारो को लूला डी सिल्वा से हार का सामना करना पड़ा। पहले चरण में हारने के बाद लूला ने दूसरे चरण में शानदार वापसी की और लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया। दूसरे और निर्णायक चरण में उन्हें 51.79 प्रतिशत वैध मत मिले। जबकि बोल्सोनारो को 48.21 प्रतिशत वोट मिले।
चुनाव के नतीजे आने के बाद फ्लेवियो ने इसे मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रुकने और भारी बारिश से होने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए वोटिंग के लिए दो घंटे का समय बढ़ाया गया और इस दौरान गड़बड़ी की गई। हालांकि सरकार ने कहा कि वोटिंग के लिए समय बढ़ाने का फैसला इसलिए किया गया ताकि योग्य मतदाताओं को पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने में मदद मिल सके।