Cape Verde Bus Accident: फोगो द्वीप पर बस दुर्घटनाग्रस्त होने से 25 लोगों की मौत

Cape Verde Accident: केप वर्डे के पहाड़ी फोगो द्वीप में शनिवार देर रात को एक यात्री बस के गहरी खाई में गिरने से कम से कम 25 यात्रियों की मौत हो गई है और कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
Tragic Cape Verde Bus Accident
केप वर्डे यात्री बस एक्सीडेंट(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Tragic Cape Verde Bus Accident: अफ्रीकी द्वीपीय देश केप वर्डे के फोगो द्वीप में शनिवार देर रात एक दर्दनाक बस हादसे में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई। करीब 37 यात्रियों से भरी बस पहाड़ी रास्ते पर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में बड़ी संख्या में किशोर और स्कूली छात्र शामिल बताए जा रहे हैं।

इस दुर्घटना को लेकर देशभर में शोक का माहौल है। राष्ट्रपति जोस मारिया पेरेइरा नेव्स ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे राष्ट्रीय त्रासदी बताया है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पहाड़ी मोड़ पर बेकाबू हुई बस

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसा फोगो द्वीप के उत्तरी पहाड़ी इलाके में साओ फिलिप नगर पालिका के अंतर्गत हुआ। बस चा दास कैलदेइरास और कैम्पानास डी सिमा के बीच कैम्पानास डी सिमा मार्ग पर जा रही थी।

बताया जा रहा है कि खड़ी ढलान और तीखे मोड़ वाले रास्ते पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से फिसलकर करीब 30 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई। पथरीले और दुर्गम इलाके में गिरने से बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

पिकनिक पर निकले थे छात्र

बचाव अधिकारियों के अनुसार, बस में सवार अधिकांश यात्री Curral Grande और Ponta Verde के रहने वाले माध्यमिक विद्यालय के छात्र थे। ये किशोर अपनी वार्षिक छुट्टियों के दौरान पिकनिक और निजी भ्रमण के लिए निकले थे।

शिक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा किसी स्कूल की ओर से आधिकारिक तौर पर आयोजित नहीं की गई थी। बताया गया है कि बस चालक हर साल छात्रों के लिए इस तरह की निजी पिकनिक यात्रा आयोजित करता था। हादसे में चालक की भी मौत हो गई।

दुर्गम इलाके में चला रेस्क्यू अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और नागरिक सुरक्षा दल घटनास्थल पर पहुंचे। पहाड़ी क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों के कारण राहत और बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

साओ फिलिप के नागरिक सुरक्षा सलाहकार जोआओ जोस कैनुटो ने बताया कि कई घायल यात्रियों की हालत गंभीर है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। बचाव दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

सात शवों का किया गया अंतिम संस्कार

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कुछ शव बेहद क्षत-विक्षत अवस्था में मिले थे। ऐसी स्थिति में सात शवों का स्थानीय स्वास्थ्य नियमों के तहत तुरंत अंतिम संस्कार किया गया।

इस घटना के बाद राष्ट्रपति जोस मारिया नेव्स और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के प्रभावित फोगो द्वीप का दौरा करने की योजना है। अधिकारियों का उद्देश्य पीड़ित परिवारों से मिलना और राहत कार्यों का जायजा लेना है।

Tragic Cape Verde Bus Accident
कौन हैं Sarah Khalifa? मिस्र की टीवी एंकर को ड्रग तस्करी मामले में सुनाई गई मौत की सजा

हादसे की वजह की जांच शुरू

पुलिस और सड़क परिवहन अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति, वाहन में तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुआ।

प्रशासन दुर्घटनास्थल की जांच के साथ बस की स्थिति और चालक की भूमिका समेत सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रहा है। इस केप वर्डे दुर्घटनाने देश में सड़क सुरक्षा और पहाड़ी मार्गों पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com