कौन हैं Sarah Khalifa? मिस्र की टीवी एंकर को ड्रग तस्करी मामले में सुनाई गई मौत की सजा

Sarah Khalifa Sentence: मिस्र की अदालत ने टीवी प्रेजेंटर सारा खलीफा समेत 12 लोगों को ड्रग्स तस्करी के मामले में मौत की सजा सुनाई है, जिससे अरब और वैश्विक मीडिया जगत में भारी सनसनी फैल गई है।
Sarah Khalifa Drug Case
मिस्र की टीवी प्रेजेंटर सारा खलीफा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sarah Khalifa Drug Case: मिस्र की एक आपराधिक अदालत ने चर्चित टीवी प्रेजेंटर सारा खलीफा समेत 12 लोगों को ड्रग्स तस्करी के मामले में मौत की सजा सुनाई है। अदालत के इस फैसले से मिस्र के मीडिया जगत में हलचल मच गई है। मामले में कुल 28 लोग आरोपी बनाए गए थे। आरोपियों पर नशीले पदार्थों के अवैध निर्माण, तस्करी और संगठित आपराधिक गिरोह चलाने के गंभीर आरोप थे।

जांच के दौरान काहिरा में गिरोह से जुड़े ठिकानों से 750 किलोग्राम से अधिक सिंथेटिक ड्रग्स और कच्चा माल बरामद किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा संदिग्ध ठिकानों से हथियार और गोला-बारूद भी मिलने का दावा किया गया है।

12 आरोपियों को मौत की सजा

मिस्र के सरकारी मीडिया आउटलेट अल अहराम के अनुसार, काहिरा की आपराधिक अदालत ने मामले में 12 मुख्य आरोपियों को मौत की सजा सुनाई है। इनमें टीवी प्रेजेंटर सारा खलीफा भी शामिल हैं।

अदालत ने गिरोह से जुड़े नौ अन्य आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दी, जबकि सात आरोपियों को बरी कर दिया गया। इस फैसले के बाद मामले ने मिस्र के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी ध्यान खींचा है।

अपार्टमेंट में चल रही थीं कथित ड्रग लैब

जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरोह विदेशों से नशीले पदार्थ बनाने के लिए कच्चा माल मंगाता था। इसके बाद काहिरा के रिहायशी अपार्टमेंट्स में कथित तौर पर सिंथेटिक ड्रग्स तैयार की जाती थीं।

सुरक्षा बलों की कार्रवाई में इन ठिकानों से 750 किलोग्राम से ज्यादा ड्रग्स और संबंधित सामग्री बरामद होने की बात कही गई है। अधिकारियों के अनुसार, इन जगहों से अवैध हथियार और गोला-बारूद भी मिले, जिनका इस्तेमाल गिरोह की सुरक्षा के लिए किया जाता था।

ग्रैंड मुफ्ती की राय के बाद फैसला सार्वजनिक

मिस्र में मृत्युदंड से जुड़े मामलों में धार्मिक और कानूनी प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण होती है। अदालत ने मामले में अपना फैसला पिछले महीने तैयार किया था, लेकिन इसकी सार्वजनिक घोषणा बाद में की गई।

मिस्र के कानून के अनुसार, मृत्युदंड की घोषणा से पहले देश के ग्रैंड मुफ्ती से धार्मिक राय लेना जरूरी होता है। आधिकारिक राय मिलने के बाद सितंबर 2026 में अदालत के फैसले को सार्वजनिक किया गया।

कौन हैं सारा खलीफा?

39 वर्षीय सारा खलीफा मिस्र की चर्चित टीवी हस्तियों में शामिल हैं। वह अपराध और सुरक्षा से जुड़े लोकप्रिय कार्यक्रम 'मिशन इम्पॉसिबल' के लिए जानी जाती हैं। टीवी के अलावा वह बिजनेस से भी जुड़ी हैं और काहिरा में कॉस्मेटिक क्लिनिक तथा इवेंट प्लानिंग कंपनी चलाती हैं।

सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 26 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं। साल 2016 में उन्होंने मिस्र के मशहूर फुटबॉलर महमूद अब्देल मोनीम, जिन्हें महमूद काहराबा के नाम से भी जाना जाता है, से शादी की थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया।

Sarah Khalifa Drug Case
ट्रंप के दूतों से मिले पुतिन, इशारों-इशारों में वाशिंगटन को दिया बड़ा संदेश, कीव और मॉस्को ने रोके हमले

कोर्ट में रोते हुए खुद को बताया निर्दोष

सुनवाई के दौरान सारा खलीफा ने खुद को निर्दोष बताया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने जिंदगी में कभी सिगरेट तक नहीं पी। उनका दावा था कि उन्होंने ड्रग्स पहली बार तब देखे, जब एंटी-नारकोटिक्स विभाग के कार्यालय में उनके साथ इसकी तस्वीरें ली गईं।

मामले में मौत की सजा के आंकड़े भी चर्चा में हैं। एमनेस्टी इंटरनेशनल के अनुसार, 2025 में मिस्र में 492 लोगों को मौत की सजा सुनाई गई थी, जबकि 23 लोगों को फांसी दी गई थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com