North Cyprus Boat Capsized Video: उत्तरी साइप्रस के पास रविवार को करीब 270 लोगों को लेकर जा रही एक यात्री नाव पलट गई। तुर्की साइप्रस के मीडिया ने इसकी जानकारी दी है। हादसे के बाद तलाश और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। यह फेरी तुर्की के मेर्सिन प्रांत में ताउकु जाने के लिए गिरन से निकली थी।
खबरों के अनुसार, रविवार दोपहर काइरेनिया तट से लगभग दो किलोमीटर उत्तर में पलटने से पहले ही फेरी में पानी भरने लगा था। उस इलाके में कोस्ट गार्ड के जहाज और एक रेस्क्यू हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं।
काइरेनिया के मेयर मुरात सेनकुल के हवाले से एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया कि स्थिति गंभीर थी। हताहतों या बचाए गए लोगों की संख्या के बारे में तुरंत कोई पुष्टि नहीं हुई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह नाव तुर्की के मर्सिन प्रांत के ताउकू के लिए रवाना हुई थी। साइप्रस के तट से रवाना होने के कुछ ही देर बाद यह खौफनाक हादसा हो गया। इस समय बड़े पैमाने पर बचाव अभियान जारी है। हादसे के बाद कोस्ट गार्ड की नावें, पर्यटक नावें और निजी कंपनियों के जहाज लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही तट पर भी कई नावें और एंबुलेंस तैयार रखी गई हैं।
उत्तरी साइप्रस के यातायात मंत्री एरहान अरिकली ने एक न्यूज चैनल को बताया कि नाव पलट गई थी और बचाव दल पहले से ही वहां पर मौजूद हैं और रेस्कियू ऑपरेशन चल रहा है। वहीं, किरेनिया शहर के मेयर मुरात सेनकुल ने CNN से बातचीत में कहा कि जहाज पर सवार 258 यात्रियों में से 159 लोगों तक पहुंचा जा चुका है। वहीं, 99 यात्रियों का अब भी कोई पता नहीं चला है। मेयर ने बताया कि यात्रियों और क्रू समेत हादसे वाली जहाज पर कुल 270 लोग सवार थे।