इश्क पर वार! गोली खाई, मगर झुकी नहीं… इस तरह दुश्मनों से जीत गई पाक की वो लड़की

Pakistan News: पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक प्रेमी जोड़े की हत्या कर दी गई, सिर्फ इस वजह से कि उन्होंने बिना परिवार की सहमति के शादी कर लिया था। इस घटना के बाद पाक में भारी बवाल मचा है।
इश्क पर वार! गोली खाई, मगर झुकी नहीं…इस तरह दुश्मनों से जीत गई पाक की वो लड़की
सांकेतिक तस्वीर (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में ऑनर किलिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बलूचिस्तान प्रांत से सामने आया है, जहां एक प्रेमी जोड़े को सिर्फ इस कारण बेरहमी से मार डाला गया क्योंकि उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी। इस वीभत्स अपराध में न सिर्फ उन्हें गोली मारी गई, बल्कि इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया और फिर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। इस जघन्य अपराध के मामले में पुलिस ने अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना न केवल पाकिस्तान को, बल्कि पूरी मानवता को झकझोर देने वाली है।

इस दिल दहला देने वाले वीडियो फुटेज के सामने आने के बाद पाकिस्तान में भारी बवाल मच गया है। वहां के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने "इज्जत" और तुरंत न्याय के नाम पर की जाने वाली भयावह हत्याओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ऐसे शर्मनाक मामलों में अक्सर खुद परिवार के लोग ही उन महिलाओं की जान ले लेते हैं, जो पारंपरिक रीति-रिवाजों को न मानकर अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुनने का फैसला करती हैं।

तुम मुझे गोली मार सकते हो

शनिवार और रविवार के दिन एक भयावह हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने बताया कि पुलिस ने इस फुटेज की सत्यता की पुष्टि कर दी है। यह वारदात बलूचिस्तान प्रांत के देघारी जिले में अंजाम दी गई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो पिकअप ट्रकों में सवार लगभग 10-15 लोगों का एक समूह एक प्रेमी जोड़े को एक सुनसान जगह पर ले जातेे है। रिपोर्ट के अनुसार, युवती स्थानीय भाषा में बोलते हुए कहती है कि मेरी कानूनी रूप से शादी हो चुकी है। वह आगे कहती है, "चलो, मेरे साथ थोड़ा और आगे चलो, फिर तुम मुझे गोली मार सकते हो।" हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उसने यह बात क्यों कही।

देखें VIDEO-

स्थानीय पुलिस ने नवविवाहित जोड़े की पहचान बानो बीबी और अहसान उल्लाह के रूप में की है। साथ ही कुछ संदिग्धों के नाम भी सार्वजनिक किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रांतीय सरकार ने मामले की जांच शुरू कर दी है, क्योंकि अब तक प्रेमी जोड़े के परिवार से कोई भी सामने नहीं आया है।

मौत के आगे नहीं मांगी जिंदगी की भीख

फरहतुल्ला बाबर जो पाकिस्तानी मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं। उन्होंने महिला की हिम्मत की सराहना करते हुए कहा कि इस महिला ने जिस साहस का परिचय दिया, वो मिसाल बनने लायक है। उसने न तो अपनी जान की भीख मांगी और न ही किसी तरह की कमजोरी दिखाई। उन्होंने इस बर्बर हत्या की निंदा करते हुए मांग की कि नवविवाहित जोड़े की हत्या में शामिल सभी दोषियों को सख्त सजा दी जाए।

प्रेमी जोड़े को मौत की सजा देने का हुक्म

पुलिस प्रमुख नावेद अख्तर ने बताया कि दुल्हन के भाई ने कबिलाई सरदार सातकजई के पास जाकर यह शिकायत की थी कि उसकी बहन ने उसकी मंजूरी के बिना शादी कर ली है। इस पर सरदार सातकजई ने प्रेमी जोड़े को मौत की सजा देने का हुक्म दे दिया। अख्तर ने बताया कि सरदार और लड़की का भाई उन 11 गिरफ्तार लोगों में शामिल हैं। फिलहाल पुलिस बाकी नौ संदिग्धों की तलाश कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना का वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com