वैलेंटाइन डे पर प्रपोज...और अब रचाई शादी, यह काम करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई पीएम बने एंथनी अल्बनीज

Anthony Albanese Marriage: ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने अपनी पार्टनर जॉडी हेडन से कैनबरा स्थित ‘द लॉज’ में निजी समारोह में शादी रचाई। वे पद पर रहते हुए शादी करने वाले पहले...
Valentine's Day proposal... and now marriage, PM Anthony Albanese became the first Australian PM to do so.
PM एंथनी अल्बनीज ने रचाई शादी, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Australia Prime Minister: ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और उनकी पार्टनर जॉडी हेडन आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए। शनिवार को कैनबरा स्थित प्रधानमंत्री की आधिकारिक निवास स्थली ‘द लॉज’ में आयोजित इस शादी ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी बना दिया। अल्बनीज देश के इतिहास में पहले ऐसे प्रधानमंत्री बन गए हैं जिन्होंने पद संभालते हुए विवाह किया है।

शादी किसी बड़े सार्वजनिक आयोजन की जगह बेहद निजी माहौल में हुई। समारोह में केवल परिवार के सदस्य और मुट्ठी भर करीबी दोस्त ही शामिल हुए। सुरक्षा और गोपनीयता के मद्देनज़र शादी की तारीख और तैयारियों को पहले से बिल्कुल गुप्त रखा गया था। हालांकि पिछले साल वैलेंटाइन डे पर अल्बनीज द्वारा जॉडी हेडन को किए गए प्रपोज़ल के बाद यह माना जा रहा था कि शादी 2024 में ही होगी।

बेहद खुश नजर आए पीएम

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हम अपने परिवार और सबसे करीबी दोस्तों के बीच अपने प्यार और प्रतिबद्धता को साझा करने पर बेहद खुश हैं। जॉडी हेडन कई वर्षों से अल्बनीज के साथ सार्वजनिक आयोजनों और राजनीतिक अभियानों में नजर आती रही हैं। 2022 के चुनाव अभियान में भी वे पूरी तरह उनके साथ सक्रिय थीं।

शादी में दिखा खूबसूरत मेल-फैशन, फैमिली और प्यारा 'टोटो'

समारोह का एक खास आकर्षण था अल्बनीज का डॉग ‘टोटो’, जो शादी में रिंग बियरर बना। जॉडी हेडन ने सिडनी के प्रसिद्ध डिजाइनर ब्रांड ‘Romance Was Born’ का सफेद गाउन पहना, जबकि प्रधानमंत्री ने एमजे बेल का क्लासिक सूट चुना। हेडन की पांच साल की भतीजी ‘फ्लावर गर्ल’ की भूमिका में दिखी।

मेहमानों के लिए सिडनी की मशहूर ब्रूअरी ‘Willy the Boatman’ से खास ड्रिंक्स परोसी गईं। शादी के बाद लौटते समय जोड़े ने स्टीवी वंडर के लोकप्रिय गीत ‘Signed, Sealed, Delivered (I’m Yours)’ पर ऐजल वॉक किया। वहीं उनका पहला डांस फ्रैंक सिनात्रा के मशहूर गीत ‘The Way You Look Tonight’ पर हुआ जिसने समारोह में रोमांस और पुरानी यादों का रंग भर दिया।

ऑस्ट्रेलिया में ही मनाएंगे हनीमून

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह जोड़ा अगले हफ्ते सोमवार से शुक्रवार तक ऑस्ट्रेलिया में ही हनीमून मनाएगा। हनीमून का पूरा खर्च वे निजी तौर पर वहन करेंगे, जिससे किसी सरकारी संसाधन के उपयोग पर कोई सवाल न उठे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com