‘सहायता नाकाबंदी’ के बीच इजराइल ने गाजा में फिर की एयर स्ट्राइक, 10 फिलिस्तीनियों की मौत
इजराइल और हमाल के बीच जनवरी में युद्धविराम हुआ था। इस दौरान इजराइल के 30 से अधिक बंधकों की रिहाई हुई थी। लेकिन फिर इसके बाद इजराइल ने सीजफायर को तोड़कर मार्च में दोबारा हमले शुरू किए थे।
- Written By: अक्षय साहू
इजराइल ने गाजा में फिर किया एयर स्ट्राइक (फोटो- सोशल मीडिया)
नवभारत डिजिटल डेस्क: गाजा में बीती रात और रविवार को हुए इजराइली हमलों में 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे हैं। यह जानकारी स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने दी। नासिर अस्पताल के मुताबिक, दो हमले दक्षिणी शहर खान यूनुस में तंबुओं पर हुए, जिनमें दो-दो बच्चों और उनके माता-पिता की मौत हो गई।
अस्पताल ने बताया कि अन्य हमलों में एक बच्चे और साइकिल चला रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीनों हमलों में मारे गए लोगों के शव नासिर अस्पताल लाए गए थे। इजराइली सेना ने केवल आतंकियों को निशाना बनाने और आम लोगों को नुकसान पहुंचाने से बचने का प्रयास करने की बात कही है।
आम लोगों की मौत के लिए हमास जिम्मेदार
इजराइल डिफेंस फोर्स (IDF) ने हमले में मारे गए आम लोगों की मौत का जिम्मेदार हमास को ठहराया। आईडीएफ ने हमले के बाद एक बयान जारी करते हुए कहा कि 19 महीने से जारी युद्ध में आम लोगों की मौत के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया गया है। उसने कहा है कि आतंकवादी घनी आबादी वाले इलाकों में छिपे हुए हैं। ताजा हमलों के बारे में इजराइल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।
सम्बंधित ख़बरें
Powerful Small Countries: क्षेत्रफल में छोटे पर ताकत और पैसे में बड़े हैं ये देश, दुनिया पर है इनका राज
Iron Dome India: अब भारत में बनेगा इजरायल का मिसाइल इंटरसेप्टर, रक्षा क्षेत्र में अहम डील
Israel Army Torture: इजरायल में फिलिस्तीनी कैदी की दर्दनाक स्थिति देख दहल उठी दुनिया
हमारे पास भारत…US-इजरायल के बीच बढ़ा तनाव, नेतन्याहू ने वेंस को दिया करारा जवाब, इंडिया को बताया खास दोस्त
इजराइल ने 10 सप्ताह से अधिक समय से गाजा में भोजन और दवाओं समेत सभी तरह की चीजों की आपूर्ति पर पूरी तरह पाबंदी लगा रखी है। इजराइल इसे बंधकों की रिहाई के लिए हमास पर दबाव बनाने की रणनीति बता रहा है। इजराइल ने युद्धविराम को तोड़कर मार्च में दोबारा हमले शुरू किए थे। युद्धविराम लागू होने के बाद इजराइल के 30 से अधिक बंधकों की रिहाई हुई थी।
गाजा में बढ़ी खाने-पीने की किल्लत
गाजा में काम कर रहे सहायता समूहों ने कहा कि खाने-पीने की चीजों की किल्लत होती जा रही है और बड़े पैमाने पर लोग भूख के शिकार हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सप्ताह पश्चिम एशिया क्षेत्र की यात्रा के तहत सऊदी अरब, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का दौरा करेंगे। हालांकि वह इजराइल नहीं जाएंगे। ट्रंप प्रशासन इजराइल को पूर्ण समर्थन देने की बात कहता रहा है।
