ईरान-इजराइल जंग में अमेरिका की एंट्री, तीन न्यूक्लियर साइट्स पर एयर स्ट्राइक

अमेरिका ने ईरान की फोर्डो, नतांज और इस्फहान न्यूक्लियर साइट्स पर हवाई हमला किया। ट्रंप ने हमले को सफल बताया और कहा कि सभी विमान सुरक्षित लौट आए हैं। अब शांति का समय है।
ईरान-इजराइल जंग में अमेरिका की एंट्री, तीन न्यूक्लियर साइट्स पर एयर स्ट्राइक
ईरान-इजराइल जंग में अमेरिका की एंट्री (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

वाशिंगटन: ईरान और इजराइल के बीच जंग में अब अमेरिका शामिल हो गया है। अमेरिका ने ईरान के तीन न्यूक्लियर साइट्स फोर्डो, नतांज और इस्फहान पर हवाई हमला किया है। इस बात की जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर दी। ट्रंप ने कहा कि वो इस हमले से राहत महसूस कर रहे हैं।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि, “हमने ईरान में तीन न्यूक्लियर साइट्स पर अपना बहुत ही सफल हमला पूरा कर लिया है, जिसमें फोर्डो, नतांज़ और एस्फाहान शामिल हैं। सभी विमान अब ईरान के हवाई क्षेत्र से बाहर हैं। प्राथमिक स्थल, फोर्डो पर बमों का पूरा पेलोड गिराया गया।” ट्रंप ने अमेरिकी सेना की तारीफ करते हुए कहा,सभी विमान सुरक्षित रूप से अपने घर की ओर जा रहे हैं। हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई। दुनिया में कोई और सेना नहीं है जो ऐसा कर सकती थी। अब शांति का समय है! इस मुद्दे पर आपका ध्यान देने के लिए धन्यवाद।

बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स से किया हमला

जानकारी के मुताबिक अमेरिका ने ईरान पर हमले के लिए अपने बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स विमान का इस्तेमाल किया है। मिली जानकारी के अनुसार, बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स विमान शुक्रवार की रात को मिसौरी में व्हाइटमैन एयर बेस पर मौजूद थे और ईरान की ओर उड़ान भर रहे थे। इसके बाद इन विमानों का गुआम बेस के पास देखा गया था। बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स ऑर्डिनेंस पेनिट्रेटर ले जाने में सक्षम है, जो 30,000 पाउंड  का बंकर बस्टर बम है। बी-2 बॉम्बर्स विमान को ईरान में मौजूद न्यूक्लियर साइट्स पर हमला करने लायक माना जाता है।

देश को संबोधित करेंगे ट्रंप

ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्र को संबोधित करेंगे। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रंप इस संबोधन में युद्ध से संबंधित कोई अहम घोषणा कर सकते हैं। अमेरिकी समयानुसार राष्ट्रपति ट्रंप रात 10 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे, जबकि भारतीय समयानुसार यह संबोधन सुबह 7:30 बजे प्रसारित होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com