सुलग उठा अफगानिस्तान-पाकिस्तान बॉर्डर! पाक सेना के हमले में कुनार प्रांत में 3 की मौत, 45 लोग घायल

Afghanistan Pakistan Border Clash: अफगानिस्तान के कुनार और कंधार में पाकिस्तानी सेना के हमलों के बाद तनाव चरम पर है। इस हमले में करीब 3 लोगों की मौत हो गई और 45 लोग घायल हो गए।
Afghanistan-Pakistan Border Erupts! 3 Killed, 45 Injured in Kunar Province Following Attack by Pakistani Army
पाक अफगान तनाव, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Afghanistan Pakistan Border Clash Drone Strike: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव एक बार फिर हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया है। सोमवार को पाकिस्तानी सेना द्वारा अफगानिस्तान के कुनार और कंधार प्रांतों में किए गए हमलों ने स्थिति को विस्फोटक बना दिया है।

रिपोर्टों के अनुसार, कुनार प्रांत में पाकिस्तानी ड्रोन और तोपखाने हमलों में तीन आम नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि 45 अन्य घायल हुए हैं। दूसरी ओर, कंधार के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्पिन बोल्डक क्षेत्र में हुई भारी मुठभेड़ में छह पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

यूनिवर्सिटी को बनाया निशाना

कुनार प्रांत के सूचना और संस्कृति विभाग के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने सोमवार दोपहर लगभग दो बजे हवाई हमले शुरू किए। सूचना निदेशक नजीबुल्लाह हनीफ ने बताया कि पहले पाकिस्तानी ड्रोन ने आसमान से गोले बरसाए और उसके बाद प्रांतीय राजधानी के आसपास के क्षेत्रों पर तोपखाने से भारी गोलाबारी की गई। इन हमलों ने न केवल निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। रिपोर्ट के अनुसार, सैयद जमालुद्दीन अफगान यूनिवर्सिटी के कैंपस पर भी गोले दागे गए, जिससे विश्वविद्यालय की इमारत को काफी क्षति पहुंची है। इस हमले में घायल हुए 45 लोगों में से कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिससे मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

एक बच्चे की मौत ने भड़काई आग

कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक जिले में रविवार देर रात स्थिति तब बिगड़ गई, जब कथित तौर पर पाकिस्तानी सेना ने एक अफगान बच्चे को गोली मार दी। इस घटना के बाद अफगान सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई शुरू की, जिससे दोनों ओर से भारी गोलाबारी छिड़ गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार, स्पिन बोल्डक के लुक्मान गांव में पाकिस्तानी सेना मोर्टार से गोले दाग रही थी, जिसका अफगान बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

तालिबान से जुड़े सूत्रों और अमू टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, इस मुठभेड़ में अफगान बलों ने पाकिस्तानी सैन्य चौकियों को निशाना बनाया, जिसमें छह पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और एक को जीवित पकड़ लिया गया है। अफगान बलों ने एक अन्य सैनिक का शव भी बरामद किया है और मौके से कई हल्के व भारी हथियार जब्त कर लिए हैं।

फरवरी से जारी है सीमा पर अशांति

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर यह हिंसा कोई नई बात नहीं है। फरवरी के अंत से ही दोनों देशों के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव और हिंसक झड़पें लगातार बढ़ती जा रही हैं। स्पिन बोल्डक, जो दोनों देशों के बीच व्यापार और आवाजाही के लिए एक प्रमुख क्रॉसिंग पॉइंट है, अब सैन्य छावनी में तब्दील हो चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कूटनीतिक स्तर पर इन झड़पों को नहीं रोका गया, तो यह एक बड़े क्षेत्रीय संघर्ष का रूप ले सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com