इस्लामाबाद से खैबर पख्तूनख्वा तक अफगानी ड्रोन ने बरपाया कहर, 5 लोगों की मौत, पाक-तालिबान में क्यों छिड़ी जंग?

Afghanistan Attack in Islamabad: अफगान मीडिया के मुताबिक हमले के बाद इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर उड़ानें रोक दी गईं और कोहाट कैंट में भी अफगान ड्रोन ने तबाही मचाई। दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है।
Afghan Drone Wreaks Havoc from Islamabad to Khyber Pakhtunkhwa; 5 Dead
पाक-तालिबान में जंग
Updated on

Afghanistan-Pakistan Tension: पाकिस्तान की हालिया कार्रवाई के जवाब में अफगानिस्तान की सेना ने इस्लामाबाद में बड़ा हमला किया है। अफगानिस्तान के टोलो न्यूज के हवाले से बताया गया कि इस्लामाबाद के हमजा सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया गया। यह हमला दो ड्रोन के जरिए किया गया। इसके अलावा खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तान के कोहाट मिलिट्री कैंट क्षेत्र पर भी ड्रोन हमला हुआ, जिसमें 5 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत की खबर सामने आई है।

तालिबान प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी हाल में पाकिस्तान की सेना के आगे झुकने वाला नहीं है। अफगान पक्ष का कहना है कि ये हमले पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के कंधार और आसपास के इलाकों में की गई एयरस्ट्राइक के जवाब में किए गए हैं। पाकिस्तान ने टीटीपी के खिलाफ कार्रवाई का हवाला देते हुए काबुल से लेकर कंधार तक हवाई हमले किए थे।

इस्लामाबाद पर अफगान हमले की मुख्य बातें

  • राजधानी पर ड्रोन हमला: सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक अफगान बलों ने इस्लामाबाद के फैजाबाद इलाके में स्थित ‘हमजा’ सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया।
  • दो विस्फोटक ड्रोन: रिपोर्टों के अनुसार इस्लामाबाद के हवाई क्षेत्र में दो विस्फोटकों से लदे ड्रोन देखे गए। इनमें से एक फैजाबाद के पास और दूसरा सेक्टर I-9 में गिरा। पाकिस्तानी सेना का दावा है कि दोनों ड्रोन को इंटरसेप्ट कर लिया गया।
  • एयरपोर्ट संचालन प्रभावित: हमले की आशंका के चलते इस्लामाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA) ने इसे तकनीकी कारण बताया।
  • कोहाट में नुकसान: अफगान ड्रोन हमले केवल इस्लामाबाद तक सीमित नहीं रहे। खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट मिलिट्री कैंट क्षेत्र में भी धमाके हुए, जिनमें 5 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत की खबर है।
  • पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक: इससे पहले पाकिस्तान एयरफोर्स (PAF) ने कंधार एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों में भारी बमबारी की थी। पाकिस्तान का कहना है कि इन हमलों में टीटीपी और अफगान तालिबान के शीर्ष कमांडरों को निशाना बनाया गया।
  • नागरिकों की मौत: तालिबान सरकार का आरोप है कि पाकिस्तान की गोलाबारी में 7 अफगान नागरिकों की जान गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

क्या पाकिस्तान-अफगानिस्तान युद्ध की ओर बढ़ रहे हैं?

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ता सैन्य तनाव अब गंभीर मोड़ लेता दिख रहा है। पहली बार अफगान बलों ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के भीतर तक हमला करने का दावा किया है।  इस्लामाबाद तक ड्रोन पहुंचना यह दिखाता है कि संघर्ष अब केवल सीमावर्ती झड़पों तक सीमित नहीं रहा। यह पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था और संप्रभुता को सीधी चुनौती माना जा रहा है।

पाकिस्तान पहले से आर्थिक संकट और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। ऐसे में अफगान सीमा पर बढ़ता तनाव उसके लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकता है। वहीं तालिबान भी घरेलू दबाव के बीच सख्त रुख अपनाता दिख रहा है। अगर यह टकराव और बढ़ता है तो इसका प्रभाव पूरे दक्षिण एशिया पर पड़ सकता है। कंधार से लेकर इस्लामाबाद तक बढ़ती सैन्य गतिविधियां संकेत दे रही हैं कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक रास्ते कमजोर पड़ते जा रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com