

Humayun Kabir Arrested: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इसी बीच मुर्शिदाबाद की रेजिनगर पुलिस ने आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के चीफ और MLA हुमायूं कबीर को हिरासत में ले लिया है। हुमायूं कबीर सुबह अपने परिवार के साथ मतदान के लिए गए थे। मतदान के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में हुमायूं कबीर अपने परिवार के साथ मतदान के बाद कार में बैठते नजर आ रहे हैं। इसी बीच वह किसी बात से नाराज होकर पुलिस अधिकारियों से बहस करते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेती नजर आ रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस उन्हें उनके पार्टी कार्यालय से हिरासत में लेकर गई।
हुमायूं कबीर को हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस ने बयान जारी करते हुए उन पर कानून तोड़ने का आरोप लगाया। मुर्शिदाबाद के बेलडांगा SDPO आनंदजीत होरे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हुमायूं कबीर को हिरासत में ले लिया गया है, क्योंकि उन्होंने कानून तोड़ा है। स्थिति नियंत्रण में है। स्थिति को संभालने के लिए पर्याप्त पुलिस और CAPF जवान मौजूद हैं। हालांकि SDPO आनंदजीत होरे ने यह नहीं बताया कि हुमायूं कबीर ने कौन सा कानून तोड़ा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोप लगाया कि हुमायूं कबीर अपने पार्टी कार्यलय में बैठकर आसपास के इलाके में तनाव उत्पन्न करने और हिंसा फैलाने की कोशिश कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद रेजीनगर पुलिस स्टेशन के प्रभारी अंजन बर्मन बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ AJUP कार्यालय पहुंचे। बर्मन ने उन्हें सीधे पार्टी कार्यालय छोड़कर जाने के लिए कहा। लेकिन हुमायूं कबीर ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद बर्मन और कबीर के बीच तीखी बहस हुई और इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ वाहन में बैठाकर पुलिस स्टेशन ले गई।
इस दौरान पुलिस और हुमायूं कबीर के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। जब पुलिस उन्हें वाहन में जबरदस्ती बैठा रही थी, तब हुमायूं कबीर ने चीखते हुए कहा कि मुझे गिरफ्तार किया जा रहा है या हिरासत में लिया जा रहा है, मुझे कुछ नहीं पता। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि आप वोट लूट रहे हैं और खुलेआम दलाली कर रहे हैं।