

Reginagar Bypoll Rabiul Alam Chowdhury: पश्चिम बंगाल में रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले TMC गुट की ओर से रेजीनगर उपचुनाव सीट के लिए उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।
रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का फैसले के पीछे पार्टी के चिह्न को कारण बताया। उन्होंने इसका मुख्य कारण तृणमूल कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिह्न 'दो फूल' (Twin Flowers) न मिल पाना बताया है। इसके साथ ही, ममता की तृणमूल कांग्रेस उपचुनाव से बाहर हो गई है।
पार्टी के सिंबल को लेकर ममता बनर्जी पहले ही सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुकी है। ममता बनर्जी ने पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न फ्रीज करने के चुनाव आयोग के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने TMC के दो विरोधी गुटों के बीच विवाद के चलते तृणमूल कांग्रेस का नाम और पार्टी का चुनाव चिह्न फ्रीज करने के चुनाव आयोग के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख 19 सितंबर घोषित की थी। इसी आखिरी दिन रबीउल आलम चौधरी ने रेजीनगर से अपना नाम वापस ले लिया है। इससे पहले, नंदीग्राम से संचिता प्रधान ने अपना नामांकन पत्र वापस लेते हुए ममता बनर्जी को झटका दिया था।
नामांकन पत्र दाखिल करने की तारीख समाप्त होने के साथ नंदीग्राम और रेजीनगर से टीएमसी (ममता गुट) की चुनौती खत्म हो गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा की इन दो सीटों पर उपचुनाव 6 अक्टूबर को होने हैं।
कांग्रेस की ओर से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल रेजीनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि मिलन प्रधान को नंदीग्राम से उम्मीदवार बनाया गया है। सीपीएम ने रेजीनगर से एडवोकेट सईद असद अली को मैदान में उतारा है, जबकि सीपीआई ने नंदीग्राम से शांति गोपाल गिरी को उम्मीदवार बनाया है।
ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में कांग्रेस के प्रत्याशी मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की थी। हालांकि, शुक्रवार को एक पुराने मामले में मिलन प्रधान को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, भाजपा ने नंदीग्राम से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए रहे चंद्रनाथ रथ की मां हासी रानी रथ को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई थी। वहीं, रेजीनगर से भाजपा ने शंखारव सरकार को टिकट दिया है।
नंदीग्राम में उपचुनाव की जरूरत तब पड़ी, जब मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने यह सीट छोड़ी और भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया, जहां उन्होंने इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी को हराया था।
रेजीनगर सीट आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्होंने नाओदा विधानसभा से भी जीत हासिल की थी। - एजेंसी इनपुट के साथ