

Mithun Chakraborty West Bengal Government Advisor: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार (7 अक्टूबर 2026) को दिग्गज अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती को राज्य सरकार में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। सरकार ने मिथुन चक्रवर्ती को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग में कैबिनेट मंत्री के दर्जे वाला सलाहकार नियुक्त किया है।
राज्य सरकार के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी की गई है। अधिसूचना में कहा गया है कि राज्यपाल को यह आदेश देते हुए खुशी हो रही है कि मिथुन चक्रवर्ती को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग में कैबिनेट मंत्री के पद के बराबर दर्जे पर पश्चिम बंगाल सरकार का सलाहकार नियुक्त किया जाता है। अधिसूचना सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जनहित में जारी की गई है।
इस नियुक्ति के बाद मिथुन चक्रवर्ती को सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग में कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा मिलेगा। यह विभाग सीधे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अधीन है। ऐसे में मिथुन की नियुक्ति को राज्य सरकार में उनकी औपचारिक और अहम भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है।
यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब बीजेपी सरकार पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक और फिल्म क्षेत्र पर अपना फोकस बढ़ाने की कोशिश कर रही है। सरकार की ओर से राज्य की फिल्म विरासत और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
मिथुन चक्रवर्ती की नियुक्ति की घोषणा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दिग्गज बंगाली अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान की थी। राज्य सरकार इन आयोजनों को बंगाल की समृद्ध फिल्म विरासत को बढ़ावा देने और राज्य को एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं सिनेमाई केंद्र के रूप में स्थापित करने की कोशिश का हिस्सा बता रही है।
मिथुन चक्रवर्ती भारतीय सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और पहचाने जाने वाले अभिनेताओं में शामिल हैं। राजनीति में आने के बाद वह बीजेपी के प्रमुख सेलिब्रिटी चेहरों और प्रचारकों में भी रहे हैं। पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी वह पार्टी के लिए महत्वपूर्ण चेहरा रहे हैं।
अब राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री के दर्जे वाले सलाहकार की नियुक्ति के साथ मिथुन चक्रवर्ती को सरकार में औपचारिक जिम्मेदारी भी मिल गई है।