Mahua Moitra Shares Rajnath Singh Letter: तृणमूल कांग्रेस (TMC) पार्टी में मची बगावत के बाद अब फायरब्रांड नेता और सांसद महुआ मोइत्रा के एक पोस्ट कर खलबली मचा दी है। महुआ मोइत्रा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की एक चिट्ठी को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए केंद्र सरकार की तारीफ की है।
इस पोस्ट के बाद अब कयास लगाए जा रहे है कि अब महुआ मोइत्रा भी भाजपा के गुड बुक्स में आने की कोशिश कर रही है और टीएमसी छोड़ सकती है। हाल ही में टीएमसी के 19 बागियों ने भाजपा में शामिल होने के इरादे से पार्टी छोड़ी थी, लेकिन उन्हें एंट्री नहीं मिली।
महुआ मोइत्रा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा लिखे गए एक आधिकारिक पत्र की तस्वीर शेयर की है। इस पत्र में रक्षा मंत्री ने महुआ मोइत्रा द्वारा उठाए गए मुद्दे की सराहना की है।
महुआ मोइत्रा ने लिखा, "सशस्त्र बलों की विकलांगता पेंशन पर इनकम टैक्स छूट जारी रखने के प्रति आपकी सहानुभूति के लिए राजनाथ सिंह आपका धन्यवाद। उम्मीद है कि @FinMinIndia के अधिकारी भी वैसी ही सहानुभूति दिखाएंगे और इस आपत्तिजनक प्रस्ताव को कभी शुरू नहीं करेंगे। जय हिंद।"
राजनाथ सिंह ने महुआ मोइत्रा को अपनी चिट्ठी में लिखा, 'कृपया लोकसभा में नियम 377 के तहत आपके द्वारा उठाए गए उस मामले पर ध्यान दें, जिसमें सेवा के दौरान घायल हुए लेकिन रिटायरमेंट तक ड्यूटी जारी रखने वाले सशस्त्र बलों के जवानों की विकलांगता पेंशन पर इनकम टैक्स छूट हटाने के फैसले की समीक्षा करने की बात कही गई थी। इस मामले की जांच की गई है।"
राजनाथ सिंह आगे लिखते हैं, 'जानकारी मिली है कि रक्षा बलों के जवानों को मिलने वाली विकलांगता पेंशन पर इनकम टैक्स छूट का मामला वित्त मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है। इस मुद्दे पर जताई गई चिंता को ध्यान में रखते हुए, सरकार द्वारा अधिसूचित फाइनेंस एक्ट 2026 के नोट 12 में कहा गया है कि अधिसूचित संशोधन उस तारीख से या उसके बाद लागू होंगे, जिसे केंद्र सरकार इस संबंध में अधिसूचित करेगी। ऐसी अधिसूचना जारी होने तक, भारतीय सशस्त्र बलों के विकलांग अधिकारी की पूरी विकलांगता पेंशन, यानी विकलांगता वाला हिस्सा और सेवा वाला हिस्सा, इनकम टैक्स से मुक्त रहेगी।'
यह भी पढ़ें - खान सर को कोर्ट से फिर मिली राहत! पटना सिविल कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगी रोक को रखा बरकरार, पेश की केस डायरी
पश्चिम बंगाल में इस समय तृणमूल कांग्रेस पार्टी में तनाव का माहौल बना हुआ है। आए दिन टीएमसी नेता और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने की खबरें सामने आ रही है। इसके अलावा कई टीएमसी नेताओं ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तो कई टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के काम से नाखुश है। ऐसे में महुआ मोइत्रा का केंद्र सरकार की तारीफ करना पार्टी छोड़ने की अटकलों को जन्म दे रही है।