घर पर हमले के दावे के बाद अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर निशाना, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

Abhishek Banerjee: TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि उनके घर पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने सीसीटीवी वीडियो साझा कर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और घटना को लेकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।
abhishek banerjee house attack claim bjp tmc west bengal news
अभिषेक बेनर्जी (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Abhishek Banerjee House Attack Claim: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने दावा किया है कि उनके परिवार के आवास को निशाना बनाकर हमला किया गया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कथित सीसीटीवी फुटेज शेयर करते हुए कहा कि एक अज्ञात व्यक्ति ने घर की पहली मंजिल की खिड़कियों पर पत्थर फेंके, जिससे शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना को लेकर उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और राजनीतिक प्रतिक्रिया भी दी।

अभिषेक बनर्जी के मुताबिक  30 जून को सुबह बाइक पर सवार एक व्यक्ति उनके घर के बाहर पहुंचा और कुछ ही देर में पत्थरबाजी कर वहां से चला गया। उन्होंने कहा कि यह केवल तोड़फोड़ की घटना नहीं है, बल्कि ऐसे मामलों से यह संकेत मिलता है कि हिंसा का माहौल लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में कार्रवाई का डर कम होता जा रहा है, जिससे ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं।

पुलिस और प्रशासन पर उठाए सवाल

टीएमसी सांसद ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने पूछा कि घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था कहां थी और आरोपी इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर कैसे निकल गया। उनका कहना है कि यदि कानून का सख्ती से पालन हो और दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई की जाए तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भाजपा पर लगाए राजनीतिक आरोप

अभिषेक बनर्जी ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में राजनीतिक हिंसा का माहौल बढ़ रहा है और अपराध करने वाले लोगों का मनोबल मजबूत हो रहा है। अपने बयान में अभिषेक बनर्जी ने हाल ही में पारित 'वेस्ट बंगाल पब्लिक सेफ्टी एंड कंट्रोल ऑफ एंटी सोशल एक्टिविटीज बिल, 2026' का भी उल्लेख किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस कानून का इस्तेमाल सभी मामलों में समान रूप से किया जाएगा। उनका कहना है कि कानून का उद्देश्य राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना होना चाहिए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com