

Viral Train Video : सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला चलती लोकल ट्रेन से सामने से आ रही दूसरी ट्रेन पर पत्थर फेंकती नजर आ रही है। वीडियो में दिखाई देता है कि महिला ट्रेन के दरवाजे के पास खड़ी है और दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन का इंतजार कर रही है।
जैसे ही दोनों ट्रेनें एक-दूसरे के करीब आती हैं, महिला अपने हाथ में रखा बड़ा पत्थर पूरी ताकत से दूसरी ट्रेन की ओर फेंक देती है। पत्थर सीधे लोको पायलट के केबिन के सामने लगे शीशे पर जाकर लगता है, जिससे शीशा टूट जाता है। हालांकि, वीडियो के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि घटना कब और कहां की है और न ही महिला की पहचान या उसके खिलाफ किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि हुई है।
यह वीडियो एक्स पर @GemsOfRailway नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में महिला को पत्थर फेंकने के बाद कुछ कहते हुए भी देखा और सुना जा सकता है, हालांकि उसकी आवाज स्पष्ट नहीं है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह घटना मुंबई लोकल या किसी अन्य सबअर्बन ट्रेन नेटवर्क की है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
रेलवे की ओर से भी इस वायरल वीडियो पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे मामलों में चलती ट्रेन पर पत्थर फेंकना न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना है, बल्कि इससे लोको पायलट और यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
ये खबर भी पढ़ें :1
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने महिला की इस हरकत पर कड़ी नाराजगी जताई। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि अगर लोको पायलट घायल हो जाता या ट्रेन का नियंत्रण बिगड़ जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। एक यूजर ने लिखा कि ऐसी हरकत करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
दूसरे ने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने इसे नागरिक जिम्मेदारी की कमी बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कानून का सख्ती से पालन कराया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की खतरनाक हरकत करने की हिम्मत न करे।