

Manohar Lal Dance Video : उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम एवं सेवायोजन विभाग के राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं, लेकिन इस बार वजह राजनीति नहीं बल्कि उनका डांस बना है। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक शादी समारोह में फिल्म 'शराबी' के मशहूर गाने ‘दे दे प्यार दे…’ पर जमकर थिरकते नजर आ रहे हैं।
शादी में मौजूद लोगों ने मंत्री जी के ठुमकों का खूब आनंद लिया और उन पर नोट भी उड़ाए। किसी ने इस पूरे डांस का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह क्लिप हर तरफ छा गई।
वीडियो ललितपुर के एक विवाह भवन का बताया गया है, जहां मंत्री मन्नू कोरी शादी में शामिल होने पहुंचे थे। जैसे ही गाना बजा, मंत्री जी खुद को रोक नहीं पाए और सीधे आर्केस्ट्रा के मंच पर पहुंच गए। मंच पर मौजूद चियर्स गर्ल्स भी उनके साथ झूमती दिखाई दीं। मंत्री मन्नू कोरी पूरे उत्साह के साथ गाने पर ठुमके लगाते नजर आए।
समारोह में शामिल लोगों ने भी उनका खूब हौसला बढ़ाया और नोट बरसाकर माहौल और भी मजेदार बना दिया। सोशल मीडिया पर लोग इसे “दिल से जुड़ी सादगी” बताते हुए मंत्री की ऊर्जा और बेफिक्र अंदाज की तारीफ कर रहे हैं।
मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी का यह वीडियो इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह अपने साधारण स्वभाव और मिलनसार व्यवहार के लिए लोगों में पहले से ही लोकप्रिय हैं। अक्सर वे लोगों के बीच बिना दूरी बनाए मिलते हैं, इसलिए उनका यह बेफिक्र अंदाज लोगों को काफी पसंद आया।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि मंत्री जी जनता के बीच घुल-मिलकर चलने वाले नेता हैं और यही वजह है कि लोग उनसे जुड़ाव महसूस करते हैं। उनका यह डांस वीडियो न सिर्फ मनोरंजन का जरिया बना, बल्कि एक बार फिर लोगों को उनका सरल और हंसमुख व्यक्तित्व देखने का मौका भी मिला।