

Ukrainian Woman in India : भारत में रहने वाली यूक्रेन की कंटेंट क्रिएटर सैंड्रा ऑन (Sandra On) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने पहली बार भारतीय गृह प्रवेश (Griha Pravesh) समारोह में शामिल होने का अपना अनुभव साझा किया है।
सैंड्रा ने बताया कि उन्हें लगा था कि नया घर मिलने की खुशी दुनिया भर में लगभग एक जैसी मनाई जाती होगी, जहां परिवार और दोस्त एक साथ मिलकर खाना खाते हैं और जश्न मनाते हैं। लेकिन भारत में उन्होंने जो देखा, उसने उनकी सोच पूरी तरह बदल दी।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि समारोह की शुरुआत सुबह 6 बजे हुई और नाश्ते से पहले पूरे परिवार ने भगवान की पूजा-अर्चना की। घर में हिंदू पुजारियों को बुलाकर शांति, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए विशेष पूजा कराई गई।
सैंड्रा ने बताया कि पूजा समाप्त होने के बाद ही सभी लोगों ने नाश्ता किया। इसके बाद भजन, मंत्रोच्चार और अन्य धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। दोपहर के भोजन के बाद माहौल थोड़ा अनौपचारिक हुआ और तब जाकर उन्हें लगा कि अब यह किसी पारंपरिक हाउसवार्मिंग पार्टी जैसा बन रहा है।
उन्होंने यूरोप की परंपरा से इसकी तुलना करते हुए कहा कि वहां आमतौर पर मेहमान शाम को नए घर पहुंचते हैं, घर देखते हैं, बातचीत करते हैं, साथ में खाना खाते हैं और कई बार वाइन के साथ जश्न मनाकर लौट जाते हैं। उनके मुताबिक भारत और यूरोप के समारोहों में सबसे बड़ा अंतर सिर्फ रस्मों का नहीं, बल्कि उनके पीछे की भावना का है। भारत में नए घर की शुरुआत भगवान का आशीर्वाद और कृतज्ञता व्यक्त करने से होती है।
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने बताया कि भारतीय संस्कृति में हर शुभ कार्य भगवान का स्मरण करके शुरू करने की परंपरा है और गृह प्रवेश भी उसी का हिस्सा है।
कुछ यूजर्स ने हवन की सुगंध, अगरबत्ती की खुशबू और पूजा के दौरान बनने वाले शांत माहौल को याद करते हुए कहा कि यही भारतीय गृह प्रवेश की सबसे खास बात होती है।
वहीं कई लोगों ने लिखा कि भारत में घर को केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य और नई शुरुआत का आधार माना जाता है। इसी वजह से गृह प्रवेश में पूजा-पाठ और आशीर्वाद को सबसे अधिक महत्व दिया जाता है।