

Train Stopped by Guard : ट्रेन पकड़ने के लिए सही समय पर स्टेशन पहुंचना सबसे जरूरी होता है, लेकिन कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं कि चाहकर भी यात्री समय पर नहीं पहुंच पाते। ऐसी ही एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पैसेंजर राजेन्द्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस पकड़ने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
वीडियो में साफ दिखता है कि ट्रेन प्लेटफॉर्म से छूट चुकी है और यात्री हाथ जोड़कर अंदर मौजूद स्टाफ और यात्रियों से ट्रेन रोकने की गुहार लगा रहा है। आमतौर पर ऐसी स्थिति में ट्रेन पकड़ना न सिर्फ मुश्किल बल्कि बेहद खतरनाक भी हो सकता है।
खास बात यह है कि तेजस ट्रेनों के दरवाजे मैनुअल नहीं बल्कि ऑटोमैटिक होते हैं। इसका मतलब यह है कि ट्रेन चलने के बाद दरवाजा खोलने का कोई विकल्प नहीं होता। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि प्लेटफॉर्म नंबर 1 से ट्रेन लगभग पूरी तरह निकल चुकी होती है और यात्री लगातार इशारों में मदद मांग रहा होता है।
तभी गार्ड की नजर उस पर पड़ती है और वह तुरंत स्थिति को समझते हुए ट्रेन रुकवा देता है। वीडियो बना रहे शख्स के मुताबिक, ट्रेन पहले से करीब 15 मिनट लेट थी और यात्री भी देरी से पहुंचा था।
जैसे ही ट्रेन रुकती है, यात्री राहत की सांस लेते हुए अपने सामान के साथ ट्रेन में चढ़ जाता है। करीब 59 सेकंड का यह वीडियो यहीं खत्म हो जाता है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसने लोगों का दिल जीत लिया है। यह रील इंस्टाग्राम यूजर शुभम (@amshubhamking) ने ‘आज तो तेजस राजधानी एक्सप्रेस छूट जाती’ कैप्शन के साथ पोस्ट की है, जिसे अब तक 6 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
वीडियो पर 1.20 लाख से अधिक लाइक्स और 500 से ज्यादा कमेंट आ चुके हैं। कमेंट सेक्शन में यूजर्स गार्ड की दरियादिली की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उन्हें ‘इंसानियत की मिसाल’ बता रहे हैं। यह ट्रेन पटना से दिल्ली के बीच चलने वाली राजेन्द्र नगर तेजस राजधानी एक्सप्रेस है, जो हफ्ते के सातों दिन चलती है।