‘850 रुपये में ऐसा सफर नहीं मिलेगा’, पोलिश महिला ने की वंदे भारत की तारीफ; विदेशियों को दिया खास संदेश
Polish Woman Viral Video : एक पोलिश महिला ने वंदे भारत ट्रेन में अपने सफर का अनुभव साझा करते हुए भारतीय रेल की जमकर तारीफ की। महिला ने कहा कि इतनी कम कीमत में इतना आरामदायक और समय पर सफर मुश्किल है।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क3ीनसॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Foreign Tourist in India : सोशल मीडिया के दौर में विदेशी पर्यटक अक्सर भारत से जुड़े अपने अनुभव साझा करते रहते हैं। कई बार ये वीडियो देश की चुनौतियों को दिखाते हैं, तो कई बार भारत की सकारात्मक तस्वीर भी सामने लाते हैं।
इन दिनों एक पोलिश महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने वंदे भारत ट्रेन में अपने सफर के अनुभव को साझा करते हुए भारतीय रेलवे की जमकर तारीफ की है। महिला का कहना है कि भारत को केवल भीड़भाड़ और अव्यवस्था के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए, क्योंकि यहां आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं भी मौजूद हैं।
पोलिश महिला ने भारतीय रेलवे की जमकर तारीफ की
डोमिनिका पतालास-कालरा नाम की पोलिश महिला ने वीडियो में बताया कि उन्होंने हाल ही में दिल्ली से चंडीगढ़ तक वंदे भारत ट्रेन में यात्रा की। करीब 250 किलोमीटर के इस सफर के लिए उन्होंने लगभग 850 रुपये यानी करीब 9 डॉलर का किराया चुकाया।
उनके अनुसार, यात्रा बेहद आरामदायक रही और ट्रेन समय पर अपने गंतव्य तक पहुंची। सफर के दौरान यात्रियों को चाय और भोजन भी परोसा गया, जिससे उनका अनुभव और बेहतर हो गया। उन्होंने कहा कि इतनी कम कीमत में इतना सुविधाजनक और तेज सफर कई विकसित देशों में भी आसानी से नहीं मिलता।
ये खबर भी पढ़ें : भारत का धुंधला और अमेरिका का नीला आसमान! वायरल वीडियो ने छेड़ी प्रदूषण और विकास पर नई बहस
सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी बातों का समर्थन किया
महिला ने अपने वीडियो के माध्यम से उन विदेशी कंटेंट क्रिएटर्स को भी संदेश दिया जो भारत की केवल भीड़भाड़ वाली ट्रेनों और नकारात्मक पहलुओं को दिखाते हैं। उनका कहना था कि भारत में आधुनिक रेल सेवाओं को भी दुनिया के सामने लाना चाहिए। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी बातों का समर्थन किया।
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि भारत में यात्रियों के लिए अलग-अलग बजट और सुविधाओं के अनुसार कई श्रेणियां उपलब्ध हैं। वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में कहा कि भारत की तारीफ करने वाले वीडियो अक्सर उतने वायरल नहीं होते, जितने आलोचना वाले वीडियो हो जाते हैं। इसके बावजूद इस वीडियो ने भारतीय रेलवे और वंदे भारत ट्रेन को लेकर सकारात्मक चर्चा जरूर शुरू कर दी है।
