

Press Club of India Controversy: नई दिल्ली में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट की पूजा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राम अवतार के रूप में कटआउट को भगवान के समान पूजते हुए नजर आ रहे है और उनके सामने ' मोदी चालीसा ' नामक भक्ति रचना का पाठ करते हुए दिख रहे है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को लेकर सवाल उठाए जा रहे है कि प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में इस तरह का आयोजन कैसे किया जा सकता है। वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पत्रकारों के संगठन ने गुरुवार को स्पष्टीकरण जारी किया।
इसमें बताया गया कि यह कार्यक्रम प्रेस क्लब ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित नहीं किया गया था और बुकिंग की शर्तों का उल्लंघन होने पर इसे रुकवा दिया गया था।
सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का शिकार होने के बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने कार्यक्रम के आयोजन से खुद को अलग कर लिया। प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने देखा है कि आज उसके परिसर में हुए एक कार्यक्रम की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
इसके जरिए यह साफ किया जाता है कि क्लब ने यह कार्यक्रम आयोजित नहीं किया था। एक संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए हॉल किराए पर लिया था, लेकिन जब उस संगठन ने जगह किराए पर लेने की शर्तों का उल्लंघन किया, तो क्लब के अधिकारियों ने तुरंत दखल दिया और कार्यक्रम को रोक दिया गया।"
प्रेस क्लब ने साफ कह दिया कि इस एक संगठन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए हॉल को किराए पर लिया था। लेकिन जब शर्तों का उल्लघंन करते देखा गया तो क्लब ने तुरंत इस पर एक्शन लेते हुए कार्यक्रम को रोक दिया।
इस कार्यक्रम का आयोजन बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड ने किया था। कार्यक्रम के आयोजक और बिहार राज्य किन्नर कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राजन सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि वह बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंदिर बनाने की योजना बना रहे हैं।
राजन सिंह ने कहा, 'पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनिश्चित किया कि ट्रांसजेंडर समुदाय को उसके अधिकार मिले। अगर हम उनके लिए मंदिर बनाना चाहते हैं तो इसमें गलत क्या है?'
आपको जानकारी दें, कि इससे पहले 6 अगस्त को पटना में भाजपा राज्य कार्यालय के बाहर एक पोस्टर में पटना में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित एक मंदिर बनाने के प्रस्ताव की घोषणा की गई थी। बिहार राज्य ट्रांसजेंडर विकास कल्याण बोर्ड के सदस्य राजन सिंह द्वारा लगाए गए पोस्टर में प्रस्तावित मंदिर को भारत के गौरव और सनातन परंपरा का प्रतीक बताया था।