

Noida Road Rage Video : उत्तर प्रदेश के नोएडा के गौर सिटी-1 इलाके में सड़क पर हुड़दंग मचाने का एक मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कुछ युवक महिंद्रा थार में सवार होकर लापरवाही से गाड़ी चलाते और राहगीरों के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र की है, जहां इन युवकों ने सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना दिया।
वीडियो वायरल में देखा जा सकता है कि जैसे ही आसपास मौजूद लोगों ने इस घटना को रिकॉर्ड करना शुरू किया, कार सवार युवक गुस्से में आ गए और वीडियो बना रहे व्यक्ति को गालियां देने लगे। कुछ ही पलों बाद दो युवक गाड़ी से नीचे उतरे और कैमरा पकड़े व्यक्ति की ओर बढ़ने लगे।
इस दौरान एक युवक, जो बिना शर्ट के नजर आ रहा था, बेहद आक्रामक अंदाज में दौड़ता हुआ सामने आया। तभी अचानक एक बाइक सवार उससे टकरा गया, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। हालांकि गिरने के बाद भी युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार हंगामा करता रहा।
वायरल वीडियो होते ही लोगों ने इसे सड़क पर गुंडागर्दी और खतरनाक ड्राइविंग का उदाहरण बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नोएडा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, बिसरख थाने की टीम ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।