Noida Waterlogging : नोएडा के सेक्टर-18 में बारिश के बाद सड़कें पानी में डूब गईं। वायरल वीडियो में एक महिला ने जलभराव पर तंज कसते हुए कहा कि यहां कार की जगह नाव लेकर आना चाहिए था।
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Follow Us
Follow Us :
विस्तार
Noida Rain : बारिश के बाद नोएडा में जलभराव की समस्या एक बार फिर चर्चा में है। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल सेक्टर-18 की सड़कों पर भारी पानी जमा होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर कई फीट तक पानी भरा नजर आ रहा है और वाहन इसी पानी के बीच से गुजरते दिखाई दे रहे हैं।
इसी दौरान कार में बैठी वैष्णवी नाम की महिला ने सड़क की स्थिति का वीडियो बनाकर शहर के ड्रेनेज सिस्टम पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यहां कार की जगह नाव लेकर आना चाहिए था। महिला ने यह भी सवाल किया कि जिस नोएडा को एक नियोजित और विकसित शहर के तौर पर जाना जाता है, वहां बारिश के बाद ऐसी स्थिति क्यों बन रही है।
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @vaishgupta हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में महिला कहती नजर आ रही हैं कि सेक्टर-18 की सड़क पर इतना पानी जमा है कि यहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया कि बाइक और दूसरी गाड़ियां पानी के बीच से गुजर रही हैं, जिससे राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।
महिला ने जलभराव की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा कि शायद यहां कार की जगह नाव लेकर आना चाहिए था। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “नोएडा भी गुड़गांव बनता जा रहा है क्या?” वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जलभराव को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ लोगों ने इसे “वेनिस, नोएडा एडिशन” बताया, जबकि एक यूजर ने लिखा, “नियोजित शहर, अनियोजित जल निकासी।”
नोएडा में बारिश के बाद जलभराव कोई नई समस्या नहीं है। शहर की चौड़ी सड़कों और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के बावजूद मानसून के दौरान कई इलाकों में पानी जमा होने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और अतिक्रमण जैसी समस्याओं को अक्सर इसके पीछे की वजह बताया जाता है।
सेक्टर-18 एक प्रमुख व्यावसायिक इलाका है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क पर पानी जमा होने से ट्रैफिक और पैदल यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि भारी बारिश के दौरान शहर का ड्रेनेज सिस्टम कितना प्रभावी है और क्या नियोजित शहर की पहचान के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं लोगों को मिल पा रही हैं।
Noida sector 18 waterlogging after heavy rain woman says should have brought boat viral video