वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Luxury Rental : न्यूयॉर्क जैसे महंगे शहर में जहां छोटे अपार्टमेंट का किराया भी आम लोगों की पहुंच से बाहर होता है, वहां एक इंस्टाग्राम स्टार का घर इन दिनों चर्चा में है। कंटेंट क्रिएटर कालेब सिम्पसन अपने शो “आप किराया कितना देते हैं?” में सोशल मीडिया स्टार माई फाम के न्यूयॉर्क स्थित अपार्टमेंट का दौरा करते नजर आए।
वीडियो सामने आते ही यह तेजी से वायरल हो गया। वजह है इस घर का किराया-पूरे 18 हजार डॉलर, यानी भारतीय मुद्रा में करीब 15 लाख रुपये प्रति महीना। घर की भव्यता, खुली जगह और शानदार इंटीरियर ने लोगों का ध्यान खींच लिया।
यह अपार्टमेंट सिर्फ महंगा ही नहीं बल्कि बेहद खास भी बताया जा रहा है। घर में बड़ी-बड़ी खिड़कियां हैं, जिनसे भरपूर प्राकृतिक रोशनी आती है और बाहर हरियाली का सुंदर नजारा दिखाई देता है।
बताया गया कि यह घर सेंट्रल पार्क के पास स्थित है, जिससे यहां रहने वालों को प्रकृति के करीब समय बिताने का मौका मिलता है। वीडियो में माई फाम बताती हैं कि वह हर महीने लगभग 18 हजार डॉलर किराया देती हैं और इसे वह अपने मानसिक सुकून और बेहतर जीवनशैली में किया गया निवेश मानती हैं।
ये खबर भी पढ़ें : महोबा में मिडडे मील पर उठे सवाल, पानी में दूध मिलाने का वीडियो वायरल
महंगे घर को चुनने के पीछे की वजह भी दिलचस्प है। माई के अनुसार, जापान यात्रा के दौरान एक साधु ने उन्हें सलाह दी थी कि जब भी जीवन में उलझन हो, तो प्रकृति के पास जाकर शांति खोजनी चाहिए। उसी अनुभव से प्रेरित होकर उन्होंने ऐसा घर चुना जो हरियाली के करीब हो।
सोशल मीडिया पर लोग इस किराए को लेकर हैरानी जता रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे “सपनों का घर” बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि इतना किराया चुकाना आम इंसान के लिए लगभग असंभव है। इस वीडियो को लाखों लोग देख चुके हैं और इस पर लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।