

ChatGPT Foreign Bride : पोते-पोतियों से दादा-दादी और नाना-नानी का रिश्ता बेहद खास होता है। उनके लिए बच्चों की खुशी ही सबसे बड़ी खुशी होती है। ऐसा ही एक मजेदार और प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक नानी अपने नाती के लिए विदेशी बहू मिलने की बात सुनकर बेहद खुश हो जाती हैं। वीडियो को Abhiruchi नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने शेयर किया है।
वीडियो में वह अपनी नानी के पास बैठी नजर आती हैं और उन्हें फोन देते हुए कहती हैं कि आशू के लिए जो बहू ढूंढी गई है, वह विदेशी है लेकिन हिंदी बोलती है। यह सुनते ही नानी के चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है। वह तुरंत फोन कान से लगाकर बात करने लगती हैं और उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं होता कि दूसरी तरफ कोई इंसान नहीं बल्कि AI चैटबॉट ChatGPT है।
फोन पर AI की आवाज नानी से पूछती है कि क्या वह कुछ जानना चाहती हैं या नानी से बात करनी है। इस पर बुजुर्ग महिला मासूमियत से जवाब देती हैं कि हां, नानी से ही बात हो रही है। इसके बाद वह हंसते हुए अपना परिचय भी देती हैं और बताती हैं कि वह आशू की नानी और अभिषेक की दादी हैं। वीडियो में नानी की मासूमियत और उनकी खुशी देखकर यह पूरा पल बेहद प्यारा लगता है।
AI जब उनसे कहती है कि अगर किसी चीज की जरूरत हो तो बताइएगा, तो नानी जवाब देती हैं कि जरूरत क्या है, बस खुश रहना चाहिए। इसके बाद वह कहती हैं कि वह शादी नहीं कर रहा है। वीडियो पर ‘नानी की ChatGPT वाली बहू’ लिखा हुआ है। इस वीडियो के तीन पार्ट बनाए गए हैं और पहले पार्ट को ही अब तक 14 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स नानी की मासूमियत पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि बुजुर्गों का ऐसा भोला और भरोसे से भरा स्वभाव दिल छू लेता है। एक यूजर ने लिखा कि यह मासूमियत अब धीरे-धीरे कम होती जा रही है। वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि नानी इतनी भोली हैं कि उनके साथ ऐसा नहीं करना चाहिए।
एक अन्य यूजर ने भावुक होते हुए लिखा कि चेहरे पर भले ही उम्र की झलक दिखाई देती हो, लेकिन यही लोग हमारे बचपन को खूबसूरत बनाते हैं। वीडियो में नानी जिस तरह से ChatGPT को सच में अपने नाती की विदेशी बहू समझकर बात करती हैं, उसे देखकर लोगों को हंसी के साथ-साथ उनके लिए प्यार भी महसूस हो रहा है।