मुंबई की रेड लाइट पर फूल बेचने वाली ने सिखाया ‘असली अमीरी’ का मतलब, वीडियो हुआ वायरल
Flower Seller Viral Video : मुंबई की रेड लाइट पर फूल बेचने वाली एक युवती की मुस्कान और सादगी ने कंटेंट क्रिएटर महक शाह का दिल छू लिया। वीडियो वायरल होते ही लोग ‘असली अमीरी’ पर चर्चा करने लगे।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Kindness Story : मुंबई की व्यस्त सड़कों पर हर दिन शोर, भीड़ और भागदौड़ देखने को मिलती है। ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े होकर हम अक्सर शीशे चढ़ा लेते हैं और छोटी-मोटी चीजें बेचने वालों को नजरअंदाज कर देते हैं।
लेकिन हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो ने लोगों को रुककर सोचने पर मजबूर कर दिया है। यह वीडियो कंटेंट क्रिएटर महक शाह (@trulymicky) ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें एक फूल बेचने वाली युवती ने अपनी मुस्कान और सादगी से ‘असली अमीरी’ का मतलब समझा दिया।
वीडियो ने छुआ लोगों का दिल
महक ने वीडियो के साथ बताया कि उन्हें फूल खरीदना ज्यादा पसंद नहीं है, क्योंकि जब फूल मुरझाते हैं तो उन्हें उदासी होती है। इसी वजह से उन्होंने पहले फूल खरीदने से मना कर दिया। लेकिन कार के पास खड़ी युवती ने हार नहीं मानी।
उसने मुस्कुराते हुए फूल महक के हाथ में थमा दिया और कहा, “आपको जो देना है, दे दो।” जब महक ने उसे पैसे दिए तो उसके चेहरे की खुशी और कृतज्ञता देखने लायक थी। उस पल ने न सिर्फ महक का दिन बना दिया, बल्कि लाखों लोगों के दिलों को भी छू लिया।
ये खबर भी पढ़ें : तोतली आवाज में गाना गाती नन्ही बच्ची का वीडियो वायरल, क्यूटनेस ने जीता इंटरनेट का दिल
इंसानियत और दया की मिसाल
11 जनवरी को शेयर किया गया यह वीडियो अब तक 23 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 2.5 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। कमेंट सेक्शन में लोग इसे इंसानियत की मिसाल बता रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा कि बिजनेस में इसे स्किल कहा जाता है, लेकिन इंसानियत में यह दया है। कई लोगों ने माना कि सड़क किनारे खड़े किसी व्यक्ति से कुछ खरीदना हमारे लिए छोटी बात हो सकती है, लेकिन उनके लिए वह बड़ी खुशी होती है। यह वीडियो याद दिलाता है कि असली अमीरी पैसों में नहीं, बल्कि दिल की खुशी में होती है।
