सेहरा पहन के आना था, तिरंगे में लिपट के आए! शहीद अनुज शर्मा की मंगेतर का VIDEO देख रो देंगे आप
Anuj Sharma Funeral Fiancee Video: असम में सुखोई जेट हादसे में शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा का रोहतक के ककराना गांव में अंतिम संस्कार हुआ। वर्दी में खड़ी उनकी मंगेतर का भावुक दृश्य सबको रुला गया।
- Written By: अर्पित शुक्ला
शहीद अनुज शर्मा की मंगेतर (Image- Social Media)
Sukhoi-30 Crash: हरियाणा के रोहतक जिले के ककराना गांव में शनिवार को माहौल बेहद भावुक था। चारों ओर सन्नाटा पसरा था, चिता की लपटें उठ रही थीं और लोगों की आंखें नम थीं। इस दौरान सबसे ज्यादा दिल को छू लेने वाला दृश्य उस महिला का था जो वर्दी में हाथ में शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज शर्मा की तस्वीर लिए चुपचाप खड़ी थीं। उनकी आंखों से लगातार आंसू बह रहे थे, जिन्हें वह बार-बार रूमाल से पोंछने की कोशिश कर रही थीं।
वह अनुज शर्मा की मंगेतर थीं और खुद भी भारतीय वायुसेना की अधिकारी हैं। उनके चेहरे पर एक साथ दर्द और गर्व दोनों साफ दिखाई दे रहे थे। इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, अनुज शर्मा असम में सुखोई‑30 फाइटर जेट हादसे में शहीद हो गए थे। हादसे के बाद जब उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ककराना लाया गया, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
अंतिम संस्कार के दौरान उनकी मंगेतर वर्दी में मौजूद रहीं। हाथ में अनुज की तस्वीर थी, आंखों में आंसू थे, लेकिन चेहरा संयमित था। यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति के दिल को छू गया। यह सिर्फ एक शहीद की विदाई नहीं थी, बल्कि अधूरी रह गई एक प्रेम कहानी की झलक भी थी। अंतिम संस्कार के समय अनुज के छोटे भाई ने मुखाग्नि दी। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव के लोग चुपचाप खड़े होकर इस भावुक पल के साक्षी बने रहे।
सुखोई के साथ पहले भी हो चुके हैं हादसे
बता दें कि सुखोई-30MKI भारतीय वायुसेना का एक फ्रंटलाइन मल्टी-रोल फाइटर जेट है और देश की एयर डिफेंस क्षमता में इसकी अहम भूमिका है। इससे जुड़े हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं। इससे पहले अगस्त 2019 में आईएएफ का एक सुखोई-30MKI रूटीन ट्रेनिंग मिशन के दौरान असम के तेजपुर के पास धान के खेत में क्रैश हो गया था। उस समय दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे थे।
