मां के जन्मदिन के लिए पॉकेट मनी से झुमके खरीदने पहुंचा मासूम, भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल

Little Boy Buys Earrings for Mother : सोशल मीडिया पर एक भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक छोटा बच्चा अपनी मां के जन्मदिन के लिए पॉकेट मनी से झुमके खरीदता नजर आता है।
A little boy buying earrings for his mother’s birthday with his savings has melted hearts online.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Viral Emotional Video : सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे वीडियो सामने आते हैं जो लोगों के दिल को छू लेते हैं। हाल ही में ऐसा ही एक भावुक कर देने वाला वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक छोटा बच्चा अपनी मां के जन्मदिन के लिए सरप्राइज गिफ्ट खरीदता दिखाई देता है।

करीब 10 से 12 साल का यह मासूम लड़का सड़क किनारे लगे एक ज्वेलरी स्टॉल पर पहुंचता है और वहां रखी अलग-अलग बालियों को बड़े ध्यान से देखने लगता है। बच्चे की सादगी और अपनी मां के लिए गिफ्ट खरीदने की कोशिश ने इंटरनेट यूजर्स का दिल जीत लिया है।

मां के लिए झुमके खरीदने पहुंचा बच्चा

यह वीडियो एक महिला ने रिकॉर्ड किया, जो इंस्टाग्राम पर हेयर एक्सेसरीज और ज्वेलरी बेचती हैं। वीडियो को इंस्टाग्राम हैंडल @adishri6796 से शेयर किया गया है। क्लिप में देखा जा सकता है कि लड़का स्टॉल पर खड़ा होकर कई तरह की बालियों को ध्यान से देख रहा है और सोच रहा है कि कौन सी अपनी मां के लिए खरीदे।

जब महिला उससे पूछती है कि क्या वह अपनी मां के लिए खरीदारी कर रहा है, तो वह सिर हिलाकर हां कहता है और एक जोड़ी झुमकों की ओर इशारा करता है। इसके बाद वह कीमत पूछता है। महिला बताती है कि उन झुमकों की कीमत 40 रुपये है। कीमत सुनते ही बच्चा चुपचाप अपना स्कूल बैग उतारता है और उसमें से अपने पास रखे छोटे नोट और सिक्के निकालकर गिनने लगता है।

वीडियो देख भावुक हुए लोग

बच्चे को इतनी गंभीरता से पैसे गिनते देखकर महिला भी भावुक हो जाती है। वह उससे प्यार से कहती है कि जितने पैसे उसके पास हैं, उतने ही दे दे। साथ ही वह यह भी कहती है कि उसकी मां बहुत भाग्यशाली हैं, जिन्हें इतना प्यारा बेटा मिला है। वीडियो शेयर करते हुए महिला ने कैप्शन में लिखा, “आज मेरे स्टॉल पर सबसे प्यारा ग्राहक आया।

एक छोटा बच्चा अपनी मां के जन्मदिन के लिए गिफ्ट लेने आया था। मां के लिए प्यार सच में उम्र नहीं देखता।” इस वीडियो को अब तक 1.3 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। सोशल मीडिया यूजर्स भी इस पल को बेहद भावुक बता रहे हैं। कई लोगों ने कमेंट में लिखा कि मां के लिए बच्चों का प्यार हमेशा सबसे सच्चा और अनमोल होता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com