WATCH: खत्म होने वाला है पेट्रोल-डीजल! ईरान-इजरायल जंग के बीच फैली अफवाह, बिहार के गांवों में पंप पर लगी भीड़

Bihar Viral Video: सोशल मीडिया पर अमौर प्रखंड के फ़लसा पेट्रोल पंप का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वाहन चालकों और किसानों की भारी भीड़ देखी जा सकती है।
purnia petrol pump viral video
बिहार के गांवों में पंप पर लगी भीड़ (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Iran Israel Tension Fuel Crisis Rumor: ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव की खबरों का असर अब ग्रामीण इलाकों के पेट्रोल पंपों पर भी दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ घंटों से सोशल मीडिया और गांवों में पेट्रोल-डीजल की संभावित कमी और कीमतों में भारी बढ़ोतरी की अफवाह तेजी से फैल रही है। इसी वजह से गुरुवार को पूर्णिया जिले के कई पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई और तेल की बिक्री सामान्य से 2 से 3 गुना तक बढ़ गई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर अमौर प्रखंड के फलसा पेट्रोल पंप का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में वाहन चालकों और किसानों की भीड़ देखी जा सकती है। लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ गैलन और ड्रमों में भी पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आ रहे हैं।

क्या है अफवाह की वजह?

ग्रामीण इलाकों में यह चर्चा फैल गई है कि ईरान-इजराइल तनाव के कारण भारत में कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। कुछ लोगों का दावा है कि देश में केवल तीन सप्ताह का ही तेल भंडार बचा है और आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें काफी बढ़ सकती हैं। इसी आशंका के कारण लोग घबराकर ज्यादा मात्रा में तेल खरीदने लगे हैं।

असल स्थिति क्या है?

जानकारों और स्थानीय पंप संचालकों के मुताबिक शहरी क्षेत्रों में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। हालांकि बिहार के ग्रामीण इलाकों में कुछ छोटे फुटकर विक्रेता, जो ड्रम में तेल बेचते हैं, ज्यादा मुनाफे की उम्मीद में जमाखोरी कर रहे हैं। इससे कृत्रिम कमी की स्थिति बनने की आशंका जरूर जताई जा रही है।

स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों ने साफ कहा है कि तेल की सप्लाई में कोई कमी नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उनके अनुसार ग्रामीणों की आशंका बेबुनियाद है और आपूर्ति सामान्य तरीके से जारी है।

सुरक्षा को लेकर भी चिंता

ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में ड्रम और गैलन में पेट्रोल-डीजल भरकर ले जाना सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक माना जा रहा है। पंप संचालकों और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और सामान्य जरूरत के अनुसार ही ईंधन की खरीदारी करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com