Elephant Throws Car : केरल से मंदिर उत्सव के दौरान चिंताजनक घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि 1 मई को एर्नाकुलम जिले के किडंगूर श्री महाविष्णु मंदिर में एक हाथी अचानक बेकाबू हो गया।
वायरल दावों के अनुसार, हाथी के हमले में एक लॉरी ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि महावत गंभीर रूप से घायल हो गया। वीडियो में हाथी मंदिर परिसर में जमकर उत्पात मचाता दिखाई देता है, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हाथी को एक कार उठाकर पटकते और बुरी तरह नुकसान पहुंचाते देखा गया। बताया गया कि हाथी का नाम ‘मय्यनाड पार्थसारथी’ है, जो सुबह पानी पिलाने के लिए ले जाते समय भड़क गया। इसके बाद उसने ट्रक चालक विष्णु पर हमला कर दिया।
वायरल वीडियो में दिख रही घटना के बाद श्रद्धालु और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। अधिकारियों और रेस्क्यू टीम को हाथी को काबू करने में करीब दो घंटे का समय लगा। इस बीच मंदिर की दीवारों और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
ये खबर भी पढ़ें : Haridwar Viral Video: गंगा घाट पर कुत्ते को नहलाने पर मचा बवाल, लोगों ने किया विरोध
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कूड़ल माणिक्यम मंदिर में भी एक अलग घटना में 25 वर्षीय युवक की हाथी के पैरों तले आने से मौत हो गई। लगातार ऐसी घटनाओं के बाद मंदिर उत्सवों में हाथियों के इस्तेमाल पर बहस तेज हो गई है।
कई लोगों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों और मनोरंजन के लिए जानवरों का उपयोग बंद होना चाहिए। वहीं कुछ यूजर्स का मानना है कि हाथियों को जंगल या वन्यजीव अभयारण्यों में ही रहना चाहिए। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा कारणों से कुछ मंदिर रस्मों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।