कर्नाटक में तीन युवकों की लापरवाही पड़ी भारी, हाईवे पर बाइक को दो कारों ने मारी टक्कर

Karnataka Bike Accident : कर्नाटक के सुरथकल-मंगलुरु के पास तीन युवकों की लापरवाही का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बिना हेलमेट और ट्रिपल राइडिंग के दौरान उनकी बाइक को दो कारों ने टक्कर मार दी।
In Karnataka, triple riding and riding without helmets led to a serious highway accident caught on CCTV.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Triple Riding Viral Video : सोशल मीडिया पर एक बार फिर ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर रूह कांप उठती है। यह मामला कर्नाटक के सुरथकल-मंगलुरु इलाके के पास का बताया जा रहा है। वीडियो में तीन युवक एक ही बाइक पर सवार नजर आते हैं।

बिना हेलमेट और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए वे हाईवे पार करने की कोशिश करते हैं। सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही तेज है, लेकिन इसके बावजूद युवक बिना सही अंदाजा लगाए आगे बढ़ जाते हैं। कुछ ही सेकेंड में जो होता है, वह बेहद डरावना है।

सड़क हादसे का खौफनाक वीडियो वायरल

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, जैसे ही बाइक सवार सड़क पार करने लगते हैं, सामने से आ रही एक कार उनकी बाइक को हल्की टक्कर मार देती है। टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ जाता है और पीछे बैठा एक युवक घबराकर नीचे उतर जाता है।

ऐसा लगता है कि मामला यहीं खत्म हो जाएगा, लेकिन तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार दूसरी कार बाइक से जोरदार टकरा जाती है। इस जबरदस्त टक्कर से बाइक पर सवार दोनों युवक हवा में उछल जाते हैं। पूरी घटना कुछ ही सेकेंड में घटती है और देखने वालों के रोंगटे खड़े कर देती है।

लोगों ने इसे लापरवाही का नतीजा बताया

यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। लोग इस हादसे को खुली लापरवाही का नतीजा बता रहे हैं।

कई यूजर्स ने सख्त कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट और हाईवे पर लापरवाही से गाड़ी चलाना सीधे मौत को न्योता देने जैसा है। यह वीडियो एक बार फिर याद दिलाता है कि ट्रैफिक नियम केवल जुर्माने के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने के लिए बनाए गए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com