

जापानी कपल हिरो चिहारा और शिज़ू ने 2022 में तलाक के बाद 23 नवंबर 2026 को दोबारा शादी की।
लखनऊ के राधा-कृष्ण मंदिर में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों से सात फेरे लिए।
समारोह में उनके तीन बच्चे, परिवार और दोस्त शामिल हुए।
भारत प्रेम और भारतीय मित्रों की प्रेरणा से कपल ने दोबारा विवाह का फैसला किया।
Japanese Couple Hindu Wedding in Lucknow: कहते हैं कि अगर रिश्ते में प्यार और विश्वास बाकी हो, तो दूरियां भी मिट सकती हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां जापान के एक कपल ने तलाक के चार साल बाद फिर से एक-दूसरे का हाथ थाम लिया।
हिरो चिहारा और शिज़ू ने 23 नवंबर 2026 को गोमती नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार दोबारा शादी की। इस खास मौके पर उनके तीन बच्चे, परिवार के सदस्य और दोस्त भी मौजूद रहे। कपल की शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिरो चिहारा और शिज़ू ने साल 2022 में तलाक ले लिया था। हालांकि, 2023 में दोनों एक बार फिर करीब आए और अपने रिश्ते को दूसरा मौका देने का फैसला किया।
इस दौरान उनके भारतीय दोस्तों ने भी अहम भूमिका निभाई। बताया जाता है कि दोस्तों ने दोनों को एक बार फिर साथ आने के लिए प्रेरित किया। हाल ही में यह जापानी कपल अपने परिवार के साथ भारतीय मित्र पंकज जोशी की शादी में शामिल होने लखनऊ पहुंचा था। 21 नवंबर को हुई इस शादी में भारतीय परंपराओं और रस्मों को देखकर दोनों इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने खुद भी हिंदू रीति-रिवाजों से विवाह करने का फैसला किया।
23 नवंबर को गोमती नगर के विवेक खंड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में पंडित जनार्दन की अगुवाई में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह समारोह संपन्न हुआ। हिरो चिहारा कुर्ता-पजामा में नजर आए, जबकि शिज़ू ने सलवार-कुर्ता पहना था। दोनों ने एक-दूसरे को गेंदे की माला पहनाई, सिंदूर की रस्म निभाई और पवित्र अग्नि के सात फेरे लिए।
इस समारोह की सबसे भावुक बात यह रही कि उनके तीनों बच्चे भी इस खास पल के गवाह बने। परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में दोबारा शादी करना इस जोड़े के लिए यादगार अनुभव बन गया।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में हिरो चिहारा ने कहा कि इस तरह की सुंदर शादी करना उनके लिए बेहद अनमोल अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि 2022 में तलाक के बाद अब उन्होंने एक-दूसरे से दोबारा शादी की है। हिरो ने कहा, "हम भारत से प्यार करते हैं... हम इसे भारत में ही करना चाहते थे।"
कपल की शादी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें दोनों को वरमाला पहनाते, सिंदूर की रस्म निभाते और सात फेरे लेते देखा जा सकता है। यूजर्स इस कहानी को रिश्तों को दूसरा मौका देने और भारतीय संस्कृति के प्रति विदेशी लोगों के लगाव का खूबसूरत उदाहरण बता रहे हैं।
हिंदू विवाह की रस्में और भारतीय संस्कृति लंबे समय से विदेशियों को आकर्षित करती रही हैं। लेकिन तलाक के बाद दोबारा साथ आए इस जापानी जोड़े ने लखनऊ में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर एक अलग ही मिसाल पेश की है। तीन बच्चों की मौजूदगी में लिए गए सात फेरों ने इस समारोह को और भी खास बना दिया।