जयपुर के इस दुकानदार ने कुत्तों के लिए बनाई खास शुगरफ्री कुल्फी, नेकदिली देख भावुक हुए लोग

Dog Lovers : जयपुर के एक कुल्फी दुकानदार की नेकदिली ने सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत लिया है। दुकानदार कुत्तों के लिए खास शुगरफ्री कुल्फी बनाकर उन्हें खिलाता है।
A Jaipur kulfi seller’s thoughtful gesture of making sugar-free kulfi for dogs.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट(सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Free Kulfi For Dogs : जयपुर के एक कुल्फी दुकानदार का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दुकानदार आवारा और पालतू कुत्तों को खास तरह की शुगरफ्री कुल्फी खिलाता नजर आ रहा है। गर्मी के बीच कुत्ते बड़े चाव से ठंडी कुल्फी खाते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को इंस्टाग्राम यूजर @vikram_brewer_mittal ने शेयर किया है।

वीडियो में वह जयपुर के एक कुल्फी विक्रेता से बात करते हुए पूछते हैं कि क्या वह कुत्तों के लिए भी कुल्फी बनाता है और उसमें ऐसा क्या खास होता है। दुकानदार जवाब देता है कि इस कुल्फी में चीनी नहीं डाली जाती। हालांकि, इसमें मलाई और बाकी सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे कुल्फी का स्वाद और क्रीमी टेक्सचर बरकरार रहता है।

कुत्तों के लिए बनाई शुगरफ्री कुल्फी

वीडियो में विक्रम जब दुकानदार से पूछते हैं कि क्या लोग इसे अपने पालतू कुत्तों के लिए खरीदते हैं, तो वह बताते हैं कि कुत्ते पालने वाले लोग उनके नियमित ग्राहक हैं। इसके बाद विक्रम अपने कुत्ते तारा के लिए भी एक कुल्फी मांगते हैं। वह बताते हैं कि यह दुकानदार उनके घर के बाहर कुल्फी बेचने आता है और उन्होंने उसकी कुल्फी को काफी अच्छा बताया।

वीडियो के कैप्शन में इस खोज को जयपुर में मिली अप्रत्याशित लेकिन बेहद विचारशील चीजों में से एक बताया गया है। दुकानदार का यह छोटा-सा प्रयास इसलिए भी लोगों को पसंद आ रहा है क्योंकि उसने कुत्तों के लिए अलग विकल्प तैयार करने के बारे में सोचा।

पहल सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रही

वायरल वीडियो सामने आने के बाद इंस्टाग्राम यूजर्स ने दुकानदार की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने उसके इस काम को इंसानियत और जानवरों के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल बताया। एक यूजर ने लिखा कि ऐसे नेक दिल लोग किसी जगह को और खूबसूरत बना सकते हैं। दूसरे ने दुकानदार को आशीर्वाद देते हुए कहा कि भगवान उसे हमेशा खुश रखे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि यह वाकई बहुत अच्छी सोच है।

किसी ने कहा कि ऐसे लोगों की जेब कभी खाली न हो, जबकि एक यूजर ने जयपुर में दुकान की लोकेशन भी पूछ ली। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कमेंट में दुकानदार के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि सुंदर इरादों से ही सुंदर चीजें बनती हैं। कुत्तों को कुल्फी खिलाते दुकानदार का यह वीडियो अब लोगों के बीच खूब चर्चा बटोर रहा है।

A Jaipur kulfi seller’s thoughtful gesture of making sugar-free kulfi for dogs.
निशांत कुमार का स्वागत JDU नेता को पड़ा भारी, भीड़ का फायदा उठाकर गले से सोने की चेन ले उड़े चोर, VIDEO वायरल
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com