वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Bike Washed With Petrol on Petrol Pump : सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए लोग किस हद तक जा सकते हैं, इसका एक चौंकाने वाला उदाहरण इन दिनों सामने आया है। इंस्टाग्राम और X (Twitter) पर तेजी से फैल रहे एक वीडियो में एक इंफ्लुएंसर अपनी बाइक को पेट्रोल से धोता नजर आ रहा है।
इस हरकत ने लोगों को हैरान ही नहीं, बल्कि नाराज भी कर दिया है। ऐसे समय में जब दुनिया ऊर्जा संसाधनों को बचाने की बात कर रही है, इस तरह का वीडियो कई सवाल खड़े कर रहा है।
वायरल क्लिप में दिखता है कि कंटेंट क्रिएटर, जिसका अकाउंट ‘asraf__rider_’ नाम से बताया जा रहा है, पेट्रोल पंप पर बाइक को बार-बार पेट्रोल से नहलाता है। वीडियो में यह भी नजर आता है कि पेट्रोल पंप कर्मचारी उसे ऐसा करने से मना करता है, लेकिन वह जबरदस्ती नोजल लेकर अपनी बाइक पर पेट्रोल डालना शुरू कर देता है।
बताया जा रहा है कि उसने करीब 1000 रुपये का पेट्रोल खरीदा और उसका इस्तेमाल इस तरह किया। वीडियो में बाइक की नंबर प्लेट भी नहीं दिखती, जिससे उसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाना मुश्किल हो जाता है। वहीं, पंप के स्कैनर पर भारत पेट्रोलियम से जुड़े सागर फिलिंग स्टेशन का नाम दिखाई देने की बात कही जा रही है, हालांकि स्थान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
ये खबर भी पढ़ें : सड़क किनारे खड़ी गाय ने युवक पर किया हमला, वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ का इस तरह इस्तेमाल बेहद खतरनाक है और इससे बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है। कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना और ‘थेथरई’ बताया।
विशेषज्ञ भी मानते हैं कि इस तरह के स्टंट न केवल संसाधनों की बर्बादी हैं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा भी बन सकते हैं। फिलहाल, यह वायरल वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग ऐसे कंटेंट पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।